- दो माह पहले 84 रुपए बिक रहा चना 120 रुपए तो 86 रुपए प्रतिकिलो दाल की कीमत हुई 140 रुपए

GORAKHPUR: दो माह में ही चने का रेट इतना बढ़ा कि पब्लिक की जेब जवाब दे रही है। त्योहार और लगन पर चने का दाम झाड़ पर चढ़ गया। शुक्रवार को थोक मंडी में जहां चने की कीमत प्रति किलो 120 थी वहीं इसका दाल 140 रुपए किलो बिक रहा है। अभी दो माह पहले ही चना 84 रुपए और दाल 86 रुपए प्रति किलो बिक रहा था।

कारोबारी भी परेशान

चने का दाम अचानक बढ़ने से कारोबारी भी परेशान हैं। कारोबारियों का कहना है कि मार्केट में तो बुआई के लिए भी चना उपलब्ध नहीं हो पा रहा। वहीं जो चना मिल रहा है उसकी गुणवत्ता भी सही नहीं है। मंडी से माल भी तकरीबन गायब है। लिहाजा मांग एवं तेजी बनी रहने के पूरे आसार हैं। इतने ऊंचे रेट पर कारोबारी पूंजी फंसने के डर से सौदा करने से हिचक रहे हैं।

बॉक्स

तो इसलिए बढ़े दाम

चने का उत्पादन मुख्य रूप से यूपी और एमपी के बुंदेलखंड वाले इलाके में होता है। पिछले दो साल से फसल तैयार होने के दौरान फरवरी-मार्च में अप्रत्याशित बारिश और ओलों के नाते फसल प्रभावित होने से उपज कम हुई। इस साल मानसून के सीजन में हुई अप्रत्याशित बारिश और बाढ़ के नाते इस बार बुआई में देरी की संभावना है। उत्पादक क्षेत्रों में इस बार शुरू में ही भारी बारिश के साथ आई बाढ़ के साथ ही चने में शुरू तेजी अब तक जारी है। चने की बुआई अक्टूबर-नवंबर में और फरवरी मार्च में कटाई होती है। ऐसे में नई फसल आने में अभी करीब 4 माह की देरी है। तब तक तेजी बनी रहेगी।