RANCHI : 16 मार्च, गुरुवार को इंडिया-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सिरीज के तीसरे मैच के लिए जब पहली गेंद डाली जाएगी, तो वह पल रांची ही नहीं पूरे झारखंड के लिए यादगार और ऐतिहासिक बन जाएगा। पहली बार रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट मैच में भारतीय टीम का पड़ला भारी नजर आ रहा है। इस स्टेडियम में अब तक चार वन-डे मैच खेले जा चुके हैं, जिनमें से दो में भारत को जीत मिली थी। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला था, जबकि एक मैच में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। मैच को लेकर रोमांच चरम पर है, लेकिन लोगों में इस बात को लेकर निराशा भी है कि महेंद्र सिंह धोनी यहां नजर नहीं आएंगे। चार मैचों की इस सिरीज में अब तक मुकाबला बराबरी का रहा है। इस नाते दोनों की टीमों के लिए इस मैच को जीतना अहम हो गया है।

जो जीतेगा टॉस, वही होगा बॉस

रांची टेस्ट में टॉस काफी अहम होगा। ऐसा माना जा रहा है कि टॉस जीतने वाली टीम पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लेगी। शुरुआत में टर्न कम होगा, जिसका फायदा बल्लेबाजों को मिलेगा। दोनों ही टीमों के कप्तान यही चाहेंगे कि दिन भर बल्लेबाजी करने के वे एक ऐसा स्कोर खड़ा कर लें, जिससे सामने वाली टीम को दूसरे दिन फिरकी में फंसाया जा सके। यहां बल्लेबाजों की टाइमिंग अहम हो जाएगी। जो बल्लेबाज जितनी उम्दा टाइमिंग के साथ खेलेगा, वह अपने बल्ले से ज्यादा से ज्यादा रन बना पाएगा।

बढ़त बनाने का मौका

पुणे टेस्ट में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया ने बड़े अंतर से हरा दिया था। इसके बाद वापसी करते हुए बेंगलुरु में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाने में कामयाबी हासिल की थी। रांची में दोनों ही टीमें आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए फ‌र्स्ट इनिंग में ही बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहेंगी। वैसे यह तभी संभव होगा, जब पिच अटपटा व्यवहार न करे। ऐसा माना जा रहा है कि इस पिच पर भी स्पिनर हावी रहेंगे। बेंगलुरु की ही तरह रांची में भी रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा पर निगाहें टिकी होंगी। दोनों ने बेंगलुरु में शानदार प्रदर्शन किया था। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया से स्टीव ओकेफी और डेविड वार्नर पर बेहतर प्रदर्शन का दबाव होगा।

मुरली विजय लौटे, विराट पर निगाहें

सलामी बल्लेबाज मुरली विजय की इस मैच में वापसी होगी। वे कंधे की चोट के कारण पिछले मैच में नहीं खेल पाए थे। उनके आने से अभिनव मुकुंद को प्लेइंग इलेवन से बाहर होना होगा। दूसरी ओर, कप्तान विराट कोहली पर सभी की निगाहें होंगी। विराट के लिए रांची में एक रिकॉर्ड बनाने का मौका है। अब तक वे टेस्ट मैचों में 16 सेंचुरी बना चुके हैं, जो पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली के बराबर है। एक सेंचुरी लगाते ही वे गांगुली के रिकॉर्ड को तोड़ देंगे। इस तरह वे टेस्ट में भारत के लिए सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले 8वें क्रिकेटर बन जाएंगे।

जेएससीए स्टेडियम का इतिहास भारत के पक्ष में

जेएससीए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में अब तक जितने मैच खेले गए हैं, उनमें भारतीय टीम की जीत का औसत ज्यादा है। इस नाते यह कहा जा सकता है कि यहां भारतीय टीम का मनोबल भी बढ़ा होगा। ऑस्ट्रेलिया ने यहां एक वनडे खेला है, जो बेनतीजा रहा था।

मौसम है आशिकाना

रांची में टेस्ट मैच के दौरान मौसम का मिजाज आशिकाना रहेगा। बारिश की आशंका नहीं है, इसलिए खेल में बाधा भी नहीं आएगी। अगर बल्लेबाज फील्ड में जमे रहे, तो मौसम पांच दिनों तक कोई अड़चन पैदा नहीं करेगा। वैसे मौसम विभाग का मानना है कि 17 मार्च तक इंवॉयरमेंट में नमी नहीं होगी। वैसे आंशिक रूप से बादल छाएंगे, लेकिन बारिश नहीं होगी। हालांकि, हर दिन तापमान बढ़ेगा, जिससे खिलाडि़यों को पसीने से जूझना पड़ सकता है।