कानपुर। भारत बनाम इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का चौथा टेस्ट गुरुवार से साउथैम्पटन में खेला जाएगा। भारत इस सीरीज में 1-2 से पिछड़ा है। तीसरा टेस्ट जीतकर भारत ने सीरीज में वापसी की कोशिश की मगर अब विराट की नजर चौथे टेस्ट पर होगी। साउथैम्पटन के रोज बाउल मैदान पर यह मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि विराट सेना के लिए यह मैच जीतना आसान नहीं होगा क्योंकि पिछला रिकॉर्ड देखें तो भारत को यहां कभी जीत नहीं मिली है।

साउथैम्पटन में किसी भारतीय ने नहीं लगाया शतक

ईएसपीएन क्रिकइन्फो के डेटा के मुताबिक, भारत ने साउथैम्पटन के रोज बाउल मैदान पर एकमात्र टेस्ट मैच 2014 में खेला था। तब भारत की कप्तानी महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में थी। यहां माही का मैजिक भी नहीं चला और भारत 266 रनों से हार गया था। हैरानी की बात यह है कि इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। कोई भी भारतीय बल्लेबाज शतक नहीं लगा पाया था। यही नहीं टीम के आधे से ज्यादा खिलाड़ी तो दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच पाए थे।

रहाणे के नाम दर्ज हैं सबसे ज्यादा रन

भारत की तरफ से यहां सबसे ज्यादा रन अजिंक्य रहाणे ने बनाए थे। उन्होंने पहली पारी में 54 और दूसरी पारी में 52 रन बनाए थे। वहीं मौजूदा भारतीय कप्तान विराट कोहली के बल्ले से कुल 67 रन निकले थे। खैर इस बात को बीते चार साल हो गए हैं और विराट ने भी अब इंग्लैंड में अपने टेस्ट आंकड़े सुधार लिए हैं। ऐसे में उम्मीद है कि इस बार वह रोज बाउल मैदान पर टेस्ट शतक लगाने वाले पहले भारतीय बन सकते हैं।

इंग्लैंड का ऐसा है रिकॉर्ड

इंग्लैंड का इस मैदान पर ओवरऑल रिकॉर्ड देखें तो मेजबान टीम ने यहां कुल दो टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें कि पहला मैच श्रीलंका के खिलाफ ड्रा रहा था। वहीं दूसरे टेस्ट में भारत के खिलाफ इंग्लैंड ने बाजी मारी। यानी कि इंग्लैंड को यहां अभी तक एक भी बार हार नहीं मिली है।

Ind vs Eng : साउथैम्पटन जीतना नहीं है आसान, यहां लगा है भारत की हार का निशान

इंग्लैंड में सात टेस्ट जीतने में भारत के 33 कप्तान बदल गए

Cricket News inextlive from Cricket News Desk