225 रन पर ढेर हो गई

कल इंदौर में भारत ने पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 247 रन बनाए। जवाब में दक्षिण अफ्रीका की टीम 43.4 ओवरों में 225 रन पर ढेर हो गई। दक्षिण अफ्रीकी की पारी को समेटने में अक्षर पटेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने 10 ओवर में 39 रन देकर तीन बल्लेबाजों को आउट किया। पटेल ने अमला (17), डुमिनी (36) और प्लेसिस (51) को अपना शिकार बनाया। प्लेसिस ने 56 गेंदों में 6 चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया। हरभजन सिंह ने क्विंटन डी कॉक (34) और फरहान बेहरादीन (18) को आउट किया। डेविड मिलर को भुवनेश्वर कुमार ने खाता खोलने का मौका भी नहीं दिया और विकेटकीपर धोनी के हाथों कैच कराया।

सबसे बड़ी सफलता दिलाई

मोहित शर्मा ने भारत को सबसे बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने एबी डी'विलियर्स (19) को शॉर्ट कवर में विराट कोहली के हाथों झिलवाया। कोहली ने बाएं ओर गोता लगाकर दर्शनीय कैच लपका। उमेश ने डेल स्टेन (13) को विराट के हाथों लपकवाया। भुवनेश्वर कुमार ने इमरान माहिर (9) को धोनी के हाथों झिलवाकर भारत को जीत के करीब पहुंचा दिया। इसके बाद भुवी ने मोर्ने मोर्केल (4) को दूसरी स्लिप में रैना के हाथों की शोभा बनाकर भारत की जीत पर मुहर लगा दी।इससे पहले महेंद्र सिंह धोनी (नाबाद 92 रन) ने कप्तानी पारी खेलते हुए भारत को 247 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 247 रन बनाए। महेंद्र सिंह धोनी अपनी 92 रन की पारी में 86 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके व 4 छक्के लगाए।

रनगति में इजाफा किया

कप्तान धोनी ने तब टीम की नैया पार लगाई जब 104 रन पर अपने शीर्ष क्रम के पांच बल्लेबाजों को खो चुकी थी। अजिंक्य रहाणे (51) ने भी अर्धशतक जड़ा। दक्षिण अफ्रीका ने दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर रोहित शर्मा (3) को क्लीन बोल्ड कर दिया। शिखर धवन (23) ने डुमिनी को बेहद आसान कैच थमा दिया। विराट कोहली (12) एक बार फिर रनआउट हुए। सुरेश रैना (0) को मोर्ने मोर्केल ने विकेटकीपर डी कॉक के हाथों झिलवाया। अक्षर पटेल (13) को डेल स्टेन ने एलबीडब्ल्यू आउट किया। महेंद्र सिंह धोनी और भुवनेश्वर कुमार (14) ने भारत की पारी को संभालते हुए 150 रन के पार लगाया। इसके बाद हरभजन सिंह और महेंद्र सिंह धोनी ने रनगति में इजाफा किया। हरभजन (22) पर पवेलियन लौट गए। उमेश यादव (4) रन बनाकर आउट हुए।

inextlive from Cricket News Desk

Cricket News inextlive from Cricket News Desk