धोनी का यह 300वां वनडे मैच

भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तानों में शुमार एम.एस धोनी के नाम कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। पहले कप्तानी में माही ने अपना जलवा दिखाया। अब वह बतौर खिलाड़ी और विकेटकीपर नए-नए कीर्तिमान स्थापित करते जा रहे हैं। गुरुवार को भारतीय टीम कोलंबो में सीरीज का चौथा वनडे खेलने उतरेगी। इस मैच में सभी की निगाहें धोनी पर होंगी। धोनी का यह 300वां वनडे मैच होगा और ऐसा करने वाले वह छठे भारतीय खिलाड़ी होंगे। उनसे ज्यादा मैच सचिन तेंदुलकर (463), राहुल द्रविड़ (344), मो. अजहरुद्दीन (334), सौरव गांगुली (311) और युवराज सिंह (304) ने खेले हैं।

300वां मैच खेलने जा रहे धोनी तोड़ सकते हैं ये दो वर्ल्‍ड रिकॉर्ड

बन सकते हैं 100 स्टंपिंग करने वाले पहले विकेटकीपर

विकेटकीपर बल्लेबाज एम.एस धोनी जब मैदान पर उतरेंगे, तो वह कई रिकॉर्ड और अपने नाम कर सकते हैं। 300वें मैच के अलावा धोनी एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा स्टंपिंग करने वाले विकेटकीपर बन सकते हैं। अभी धोनी के नाम 99 स्टंपिंग और वह श्रीलंका के कुमार संगाकारा के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं। अगर धोनी गुरुवार को श्रीलंका के खिलाफ एक भी स्टंपिंग कर देते हैं तो वनडे क्रिकेट में 100 स्टंपिंग करने वाले वह दुनिया के पहले विकेटकीपर बन जाएंगे।

300वां मैच खेलने जा रहे धोनी तोड़ सकते हैं ये दो वर्ल्‍ड रिकॉर्ड

सबसे ज्यादा नाबाद रहने का तोड़ सकते हैं रिकॉर्ड

वनडे क्रिकेट में धोनी से बड़ा फिनिशर शायद ही कोई हो। जब-जब टीम को जरूरत पड़ी धोनी ने जिम्मेदारी से अपनी पारी को आगे बढ़ाया और टीम को जीत दिलाकर नाबाद लौटे। यही वजह है कि वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार नाबाद पारी खेलने वालों में धोनी सबसे ऊपर है। धोनी अपने पूरे करियर में कुल 72 बार नाबाद लौटे हैं। वह इस समय साउथ अफ्रीका के शॉन पोलॉक और श्रीलंका के चमिंडा वास के साथ संयुक्त रूप से पहले नंबर पर हैं। अगर 300वें मैच में धोनी फिर से अपनी करिश्माई पारी खेलकर बिना आउट हुए पवेलियन लौटते हैं तो वह नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बना देंगे।

Cricket News inextlive from Cricket News Desk