- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया श्रीप्रियाकांत जू मंदिर का लोकार्पण

- बोले, वृंदावन और गुजरात का अटूट संबंध, निर्मल गंगा-यमुना सरकार की प्राथमिकता

वृंदावन: भारतीय जनतापार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा जब जीवन रास्ते रुक जाते हैं, तो हर व्यक्ति को सनातन धर्म का ही रास्ता नजर आता है। सनातन धर्म ही दुनिया का ऐसा धर्म है जिसे ग्रहण करने से हर व्यक्ति, देश का भला हो सकता है। सौभाग्य की बात ये है कि देश में ऐसी सरकार है जो देश के भौतिक विकास के साथ दुनियाभर में आध्यात्मिक संदेश देगी।

छटीकरा स्थित प्रियाकांत जू मंदिर के लोकार्पण समारोह में सोमवार को श्री शाह ने कहा देश की जनता और संतों के आशीर्वाद से देश को ऐसी सरकार मिली है जो दुनियाभर में आध्यात्मिक संदेश दे सकती है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूएनओ में दुनियाभर के देशों के सामने सनातन धर्म की मदद से निरोगी काया के लिए योग अपनाए जाने और योग दिवस घोषित करने की अपील की, जिसे यूएनओ में मौजूद 170 देशों ने स्वीकार किया और योग दिवस के मौके पर दुनियाभर के लोगों ने एकसाथ योग करके इस प्रधानमंत्री की इस अपील को साकार भी किया। श्री शाह ने कहा पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने गंगा की आरती कर निर्मल गंगा की बात कही और नदियों को जोडऩे का ऐलान भी किया है।

श्री शाह ने कहा वृंदावन और गुजरात का सदियों पुराना संबंध है, जिसे न कोई तोड़ पाया और न तोड़ पाएगा। वृंदावन उस व्यक्ति की क्रीड़ा भूमि है जिसने देश को गीता का संदेश देकर जीवन जीने की कला सिखाई।

हरियाणा के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा देश में चार जगह कुंभ भले ही लगते हों लेकिन आज जो जन समूह प्रियांकात जू मंदिर में उमड़ा है वह निश्चित तौर पर महाकुंभ के समान है। उन्होंने कहा मंदिरों की नगरी में कमलपुष्प रूपी इस मंदिर की स्थापना कर देवकीनंदन ठाकुर ने आध्यात्म के क्षेत्र में नया अध्याय जोड़ दिया। भाजपा प्रवक्ता मीनाक्षी लेखी ने मंदिर की स्थापना को वृंदावन का गौरव बताते हुए कन्या भू्रण हत्या रोकने के लिए देश में अभियान चलाकर केंद्र सरकार के अभियान की मदद करने की अपील की। उन्होंने मौजूद श्रद्धालुओं के सामने कन्या भू्रण हत्या जैसे अपराध को जड़ से खत्म करने को सहयोग मांगा। आरएसएस राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य इंद्रेश कुमार ने वृंदावन जैसी पवित्र भूमि पर प्रियाकांत जू मंदिर की स्थापना कर देवकीनंदन ठाकुर ने आध्यात्म का नया पौधा रोपा है, मंदिरों की नगरी के नाम से प्रख्यात वृंदावन में शांति और आध्यात्म की खोज में आने वाले लोगों के लिए नायाब तोहफा है। देवकीनंदन ठाकुर ने छत्तीसगढ़ के मंत्री ब्रजमोहन अग्रवाल, श्यामाशरण देवाचार्य, आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार, मप्र की मंत्री माया सिंह, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, भाजपा नेता श्रीकांत शर्मा, सांसद हेमामालिनी, दीपक जोशी, लोकेश मुनि, पुरुषोत्तम शास्त्री आदि को शॉल ओढ़ा व स्मृतिचिन्ह भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी, पालिकाध्यक्ष मुकेश गौतम, एसके शर्मा, का¨रदा सिंह, अजय पोईया, प्रणतपाल सिंह, मथुरा पालिकाध्यक्ष मनीषा गुप्ता, पूर्व मंत्री रविकांत गर्ग, अनूप शर्मा, देवेंद्र शर्मा आदि मौजूद रहे।