जकार्ता (एएफपी)। इंडोनेशिया के पश्चिमी जावा प्रांत में पिछले सोमवार को हुए लैंडस्लाइड से अब तक 32 लोगों की जान चली गई है। स्थानीय अधिकारियों ने सोमवार को इस बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए पिछले एक सप्ताह से चल रहे बचाव अभियान को अब समाप्त कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लोगों को बचाने के क्रम में कई बचावकर्मी भी घायल हो गए।  अधिकारियों ने बताया कि 31 दिसंबर को हुए इस भूस्खलन के चलते कुछ लोग घायल भी हो गए हैं। हालांकि, उन्होंने घायलों के आकड़े जाहिर नहीं किये। वेस्ट जावा के पुलिस प्रमुख अगुंग बुडी मैरीटो ने कहा, 'सभी लोग मिल गए हैं, इसलिए बचाव अभियान को अब रोक दिया गया है।'

हाल ही में आई थी सुनामी
मैरीटो ने कहा, 'अभी तक सिर्फ एक पीड़ित नहीं मिला है, जिसके बारे में उसके परिवार वाले को जानकारी दे दी गई है।' बता दें कि इंडोनेशिया में भूस्खलन आम है, भारी बारिश के बाद यहां भूस्खलन की संभावनाएं अक्सर बढ़ जाती हैं। इंडोनेशिया के जावा और सुमात्रा द्वीप पर 22 दिसंबर की रात अनाक क्रैकाटोआ ज्वालामुखी फटने के बाद भारी सुनामी आ गई थी। इस आपदा से 430 लोगों की जान चली गई, जबकि 1400 से अधिक लोग घायल हुए थे। अधिकारियों ने बताया था कि जावा और सुमात्रा में सुनामी के लहरों ने कई घरों को तबाह कर दिया, जिसके चलते हजारों लोग बेघर हो गए।

इंडोनेशिया में सुनामी के बाद भूकंप, लोगों के बीच दहशत

International News inextlive from World News Desk