RANCHI: रांची के रेडियम रोड स्थित श्री जगरनाथ हास्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में बुधवार को अजीबो-गरीब मामला सामने आया। डॉ। सुधीर ने दो माह के एक बच्चे के इंफेक्शन वाले दाएं पैर की जगह बाएं पैर का आपरेशन कर दिया। इसकी जानकारी जब परिजनों को मिली, तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। यह देख डॉक्टर तत्काल उस बच्चे को दोबारा ओटी में ले गए और दाएं पैर का आपरेशन किया। इससे पहले डॉक्टरों ने अपनी गलती मानने से साफ इनकार कर दिया। ऐसे में दो माह के बच्चे के साथ हुई इस घटना से सवाल उठ रहे हैं कि आखिर एक डॉक्टर इतनी बड़ी गलती कैसे कर सकता है।

पैर में था इंफेक्शन

साहेबगंज के रहने वाले जय राम अपने दो माह के बच्ची को लेकर रांची के रानी चिल्ड्रेन पहुंचे थे। जहां मंगलवार को डॉ। राजेश ने उसे देखा और बताया कि उसके दाएं पैर में इंफेक्शन है। इसका आपरेशन कराना होगा। इसके लिए उन्होंने पास में ही श्री जगरनाथ हास्पिटल में डॉ। सुधीर के पास रेफर कर दिया। बुधवार की सुबह डॉ। सुधीर ने जगरनाथ हास्पिटल में बच्चे के दाएं पैर की जगह बाएं पैर का आपरेशन कर दिया। आपरेशन के बाद जब बच्चे को मां ने देखा, तो उसके होश उड़ गए। उसने अपने परिजनों को बताया कि बच्चे को दिक्कत तो उसके दाएं पैर में थी और डॉक्टर ने बाएं पैर का ऑपरेशन कर दिया।

डॉक्टर ने दिया जख्म

डॉक्टर मरीजों के लिए भगवान माने जाते हैं। लेकिन, जगरनाथ हास्पिटल में डॉक्टर ने बच्चे को जख्म दे दिया। बाद में परिजन भागते हुए डॉक्टर के पास पहुंचे और बताया कि उन्होंने गलत आपरेशन कर दिया। यह सुनने के बाद आनन-फानन में डॉक्टर ने उसे तत्काल ओटी में शिफ्ट किया और बच्चे के इंफेक्शन वाले दाएं पैर का आपरेशन किया। वहीं, परिजनों को कहा कि दोबारा आपरेशन के लिए उन्हें कोई पैसा नहीं देना होगा। लेकिन परिजनों का कहना था कि जब बच्चे को दूसरे पैर में कुछ समस्या ही नहीं थी, तो उसका आपरेशन कर आपने तो उसे जख्म ही दे दिया।

बोले, मासूम के पिता

डॉक्टर के पास लोग इलाज कराने आते हैं। लेकिन डॉक्टर ही ऐसी गलती करें तो इसे क्या कहा जाए। छोटे बच्चे को गलत जगह आपरेशन कर उसे जख्म दे दिया। वहीं आपरेशन करने के बाद डॉक्टर का कहना है कि आपरेशन कितना सफल होगा, यह कहना मुश्किल है।

-जय राम, पीडि़त बच्चे के पिता

क्या कहा डॉक्टर ने

बच्ची को जो प्राब्लम थी उसमें दोनों पैरों का आपरेशन करना जरूरी था। अब परिजन आरोप लगा रहे है तो मैं कुछ नहीं कह सकता। मैंने बस अपना काम किया है जो एक डॉक्टर को करना चाहिए।

-डॉ। सुधीर, जगरनाथ हास्पिटल

वर्जन

आपरेशन करने में डॉक्टर से गलती तो हुई है। लेकिन इससे बच्चे को कोई दिक्कत नहीं होगी। उसके इंफेक्शन वाले पैर का आपरेशन फिर किया गया है। जल्द ही जख्म भर जाएगा।

-डॉ। राजेश, रानी चिल्ड्रेन हास्पिटल