अपर नगर आयुक्त के निरीक्षण में खुली पोल

गायब मिले एक दर्जन से अधिक कर्मचारी, वेतन काटने का आदेश

ALLAHABAD: नगर निगम एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर पूरी ताकत झोंक दी गई है। इसके बाद भी सफाई व्यवस्था सुधर नहीं पा रही है। पार्षदों द्वारा सफाई कर्मचारियों के गायब रहने की शिकायत लगातार की जा रही है। लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर अपर नगर आयुक्त ऋतु सुहास ने शनिवार की सुबह मुट्ठीगंज इलाके का निरीक्षण किया तो कई सफाई कर्मचारी गायब मिले। इनके एक दिन का वेतन काटने का आदेश दिया गया।

अपर नगर आयुक्त सुबह 8.45 बजे मुट्ठीगंज एरिया पहुंची तो जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए थे। नालियां सील्ट से भरी थीं। सफाई कर्मचारियों का अटेंडेंस चेक किया तो कई कर्मचारी ड्यूटी से गायब मिले। गायब कर्मचारियों के बारे में सफाई नायक कोई जानकारी नहीं दे पाए। उन्होंने आकस्मिक अवकाश बताया, लेकिन प्रार्थना पत्र नहीं दिखा सके। जोनल अधिकारी को भी कोई जानकारी नहीं थी। बायोमैट्रिक मशीन भी खराब मिली। वार्ड 40 के 10 और वार्ड 60 के 14 कर्मचारियों के खिलाफ एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया गया।