--दो दिवसीय राज्यस्तरीय अंतर विद्यालय बैंड प्रतियोगिता का समापन, राज्य के सभी जिलों के 850 प्रतिभागियों ने लिया भाग --उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले विद्यार्थी लेंगे जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग रांची : जिला स्कूल परिसर में मंगलवार को देशभक्ति की धुन दिनभर गूंजती रही। राज्यस्तरीय अंतर विद्यालय बैंड प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बैंड का प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। झारखंड माध्यमिक शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता मंगलवार को संपन्न हुई। इसके राज्य के सभी जिलों के 850 प्रतिभागियों ने भाग लिया। विनर्स हुए पुरस्कृत सभी ने बैंड से देशभक्ति गानों की धुन पर आधारित बैंड का प्रदर्शन किया। पहली पाली में बैंड की प्रतियोगिता हुई तो दूसरी पाली में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता दो वर्गो में हुई। छात्र वर्ग में डब्लू जॉन मल्टी परपस बोडिंग स्कूल नगड़ी, रांची और छात्रा वर्ग में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय ओरमांझी, रांची प्रथम स्थान लाकर चैंपियन बना। दूसरे स्थान पर लोयला उच्च विद्यालय खूंटी और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय झिंकपानी पश्चिमी सिंहभूम और तीसरे स्थान पर सेंट जेवियर्स उच्च विद्यालय पश्चिमी सिंहभूम और कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय चाकुलिया पूर्वी सिंहभूम रहे। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। बच्चों को किया गया प्रोत्साहित समापन सह पुरस्कार वितरण समारोह में दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक अच्युतानंद ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। उन्होंने विद्यार्थियों में ऊर्जा भरने का कार्य किया। कहा, बैंड डिस्पले का प्रदर्शन अनोखा रहा। इस क्षेत्र में बच्चे और बेहतर कर सकते हैं। विद्यार्थियों को मंच मिला तो उनका प्रदर्शन देखते बना। उन्होंने जोनल स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता पाने का भी बच्चों को प्रोत्साहित किया। जिला शिक्षा पदाधिकारी रतन कुमार महावर ने प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। संचालन गुरुनानक स्कूल की शिक्षिका सुजाता कौरा और धन्यवाद ज्ञापन झारखंड माध्यमिक शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग ने किया। निर्णायक मंडली निर्णायक मंडली में जैप वन के दिवाकार लामा, हीरा बराईली व उमेश थापा थे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में सीमा प्रसाद, युगेश ओझा, तरूण सिंह, दिनेश कुमार, अर्चना कुमारी भगत, टी जहां, सुधांशु कुमार मंडल ने सराहनीय भूमिका निभाई। जोनल प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा झारखंड धीरसेन सोरेंग ने बताया कि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के प्रथम विजेता जोनल स्तरीय बैंड प्रतियोगिता में भाग लेंगे। प्रतियोगिता 22 दिसंबर को प्रस्तावित है। इसकी मेजबानी झारखंड करेगा। जोनल स्तर पर होनेवाले कार्यक्रम में झारखंड सहित ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी भाग लेंगे। जोनल स्तर की प्रतियोगिता के विजेता राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे।