-लार्स आयनों के निर्देशन में व्हाट ऐ ग्लोरियस डे ने किया दर्शकों को मंत्रमुग्ध

BEGUSARAI: आशीर्वाद रंगमंडल के बैनर तले आयोजित अंतर्राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के दूसरे दिन नार्वे देश की प्रस्तुति व्हाट ए ग्लोरियस डे का बेहतरीन प्रदर्शन लार्स आयनों के निर्देशन में हुआ। नाटक का इनॉगरेशन डीडीसी कंचन कपूर, उप निर्वाचन पदाधिकारी मनोज कुमार, श्रम अधीक्षक मनीष कुमार एवं जिला जन संपर्क पदाधिकारी लोकेश झा ने संयुक्त रूप से किया। डीडीसी कंचन कपूर ने कहा की रंगमंच समाज का आईना होता है, मुझे बहुत ही ख़ुशी है की कई देशों के कलाकार बेगूसराय में नाटक का प्रदर्शन कर रहे हैं। बिहार में पहली बार हो रहे अंतर्राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव के आयोजन के लिए आशीर्वाद रंगमंडल की टीम को बधाई। नाटक व्हाट ए ग्लोरियस डे नार्वे के कहानीकार वेंगीक रीस के जीवन पर आधारित है। जो घर में सकून नहीं मिलने से उटपटांग हरकत करते रहते हैं और अंत में मानसिक अस्पताल में खुद को भर्ती करवा लेते हैं।

शारीरिक क्रियाओं पर आधारित है नाटक

वहां भी वे जीवन के रंगों की खोज में लगे रहते हैं। उसके उटपटांग स्टंट, संगीत गायन से उसके जीवन की दुनिया बदलती है। नाटक पूर्णत: शारीरिक क्रियाओं पर आधारित है। संगीत के साथ शारीरिक क्रिया दर्शकों को काफी आकर्षित किया। रंगमंच में भाषा बाधक नहीं होती है, नाटक ने काफी सरल और सहजता से चरितार्थ कर दिया। निर्देशक लार्स आयनों का सशक्त निर्देशन, मधुर संगीत और लाजबाव प्रकाश व्य्वस्था नाटक की गति के साथ-साथ ताम्य बनाए रखा। अभिनेता ब्रैंडन माइकल, लिव मेरिन, नोवेन ने दर्शकों को अपने अभिनय से मन्त्र मुग्ध कर दिया। दर्शकों ने खड़े हो कर कलाकारों का अभिवादन करते हुए भारतीय संस्कृति का परिचय दिया। नाटक के अंत में डीडीसी कंचन कपूर ने निर्देशक लार्स आयन को रंगमंडल की और से प्रतिक चिह्न दिया।