सैनीटेशन पर वर्कशॉप में डीएम ने सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल

ALLAHABAD: शहर को स्वच्छ बनाने के साथ ही सैनीटेशन वर्क में और सुधार लाने के लिए बुधवार को सर्किट हाउस में एक वर्कशॉप आयोजित किया गया। इसमें शहर के सभी सफाई निरीक्षक व जोनल अधिकारी के साथ ही सफाई निरीक्षक भी शामिल हुए। वर्कशॉप में जब शहर की सफाई व्यवस्था का आंकड़ा रखा गया तो अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी सुहास एलवाई ने शहर की सफाई व्यवस्था पर ही सवाल खड़ा कर दिया।

ट्रैक हो रहा कचरा

नगर निगम की अपर नगर आयुक्त प्रथम ऋतु सुहास व पर्यावरण अभियंता राजीव राठी ने वर्कशॉप में बताया कि शहर से पर डे निकलने वाले कचरे को बसवार प्लांट तक पहुंचाया जा रहा है। इसे ट्रैक करने के लिए सभी व्हीकल में जीपीएस लगाया गया है। उन्होंने कहा कि हरी-भरी द्वारा शहर में पर डे 60-70 प्रतिशत डीटीडीसी का दावा किया जा रहा है, लेकिन नगर निगम के अनुसार 40-50 प्रतिशत डीटीडीसी हो रहा है। इस पर डीएम ने कहा कि कुछ महीने बाद ही इलाहाबाद में कुंभ मेला शुरू होने वाला है। देश औश्र दुनिया से लोग यहां आएंगे, उन्हें हम क्या दिखाएंगे। शहर की गंदगी।

किनारे से हटाएं कचरे का टीला

डीएम ने कहा कि गंगा और यमुना किनारे गऊघाट से लेकर चारों तरफ यमुना नदी के किनारे कूड़े का टीला बन गया है। अभियान चलाकर नदी किनारे से कचरे का ढेर हटाया जाए। घाट सुंदरीकरण के लिए 88 करोड़ मिला हुआ है। तीन दिन के अंदर अभियान चलाएं, फोर्स के साथ। कचरा नदी के किनारे न फेंका जाए। शुक्रवार से अभियान चलाया जाए।