इतने छक्के लगाने वाले एशिया के पहले बैट्समैन

कानपुर। आईपीएल 2018 का 34वां मुकाबला मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा के लिए काफी खास रहा। इस मैच में मुंबई को तो जीत मिली ही, साथ ही रोहित ने भी कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 24 रन की छोटी पारी में बड़े-बड़े रिकॉर्ड कायम कर दिए। अपनी पारी में रोहित ने दो छक्के लगाए, इसी के साथ टी-20 इतिहास में रोहित के छक्कों की संख्या 300 पार हो गई। रोहित के नाम अब कुल 301 छक्के दर्ज हैं। वह दुनिया में सबसे ज्यादा टी-20 छक्के लगाने वाले सातवें और एशिया के पहले बैट्समैन हैं।

सुरेश रैना हैं सिर्फ 10 छक्के दूर

रोहित के अलावा और कोई भारतीय बल्लेबाज 300 छक्कों के आंकड़ों तक नहीं पहुंच सका है। हालांकि आईपीएल 11 में चेन्नई सुपरकिंग्स की तरफ से खेल रहे बाएं हाथ के धुरंधर बल्लेबाज सुरेश रैना सिर्फ 10 छक्के दूर हैं। रैना के नाम टी-20 इतिहास में 290 छक्के दर्ज हैं। वहीं अपनी पॉवर हिटिंग के लिए मशहूर एमएस धोनी इस लिस्ट में काफी पीछे हैं। धोनी ने टी-20 करियर में 260 छक्के ही लगाए हैं। अब अगर टीम इंडिया और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के कप्तान विराट कोहली की बात करें तो यह दिग्गज बल्लेबाज टी-20 इतिहास में सिर्फ 232 छक्के लगा पाया है।

844 छक्कों के साथ क्रिस गेल सबसे ऊपर

टी-20 क्रिकेट की बात हो, तो यहां सिर्फ एक खिलाड़ी की बादशाहत चलती है वो हैं सिक्सर किंग क्रिस गेल। गेल कितनी आसानी से गेंद को स्टेडियम के बाहर पहुंचा देते हैं यह बात सभी जानते हैं। आईपीएल इतिहास में क्रिस गेल सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अभी तक 104 आईपीएल मैच खेले हैं जिसमें उनके नाम 286 छक्के दर्ज हैं। वहीं ओवरऑल टी-20 मैचों की बात करें तो गेल के नाम 844 छक्के दर्ज हैं। सबसे हैरानी वाली बात ये है कि गेल के आसपास भी कोई नहीं पहुंच सका है। दूसरे नंबर पर कीरोन पोलॉर्ड का नाम आता है जिन्होंने भी सिर्फ 525 छक्के ही लगाए हैं।

सोर्स : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

Cricket News inextlive from Cricket News Desk