लाइट जाने पर जाल पर आकर बैठ गए थे लोग

हवा के तेज झोंके से जमीन पर आग गया जाल

आगरा। आंधी ने एत्मादपुर में एक महिला व पुरुष की जान ले ली। इसके अलावा शहर में भी एक बुजुर्ग महिला को आंधी ने चपेट में लिया। महिला लोहे के जाल के साथ जमीन पर आ गई। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हादसे में उसका बेटा और पुत्रवधू घायल हो गए।

तीन मंजिल मकान में रहता है परिवार

थाना छत्ता कोयला वाली बस्ती निवासी 75 वर्षीय रामकली पत्‍‌नी स्व। ज्योति प्रसाद के चार बेटे हैं। सबसे बड़ा बेटा लालता अविवाहित है बाकि बेटे विवाहित हैं और जूते का काम करते हैं। इनका तीन मंजिला मकान है। परिजनों ने बताया कि मकान को लेकर विवाद चल रहा है। बुधवार की शाम तेज आंधी आई थी जिसमें लाइट चली गई।

धमाके के साथ जाल जमीन पर गिरा

लाइट जाने पर रामकली व उसका बेटा विनोद और पुत्रवधू आसमा पहली मंजिल पर लोहे के जाल पर आकर बैठ गए। उसी दौरान तेज हवा का झोंका आया और लोहे का जाल तेज आवाज के साथ नीचे आ गया। उस पर बैठे लोग भी नीचे गिर गए। तीनों घायल हो गए। तीनों को उपचार के लिए एसएन लाया गया। यहां पर रात में 12 बजे करीब उपचार के दौरान रामकली की मौत हो गई। हादसे में बेटे विनोद के घुटने में तेज चोट आई है।

जर्जर है मकान

लोगों का कहना था कि मकान 70-80 साल पुराना है। मकान को लेकर विवार चल रहा है। राम कली तीन-चार महीने पहले नीचे की मंजिल पर जंगला लगाना चाहती थी। इस बार लाइट जाने पर जब अंधेरा हुआ और गर्मी लगी तो वह जाल पर आकर बैठ गई थी।

आंधी में गई बच्चे की जान

बुधवार को थाना खंदौली के नगला अर्जुन में दीवार गिरने से राजपाल के बच्चे दब गए थे। इनमें कंचन, निशा, 14 वर्षीय विशाल दब गए इसके अलावा राजपाल के भाई पप्पू का बेटा शिवम भी दब गया था। सभी को बाहर निकाल लिया गया। रात में सभी सो गए। गुरुवार की सुबह सभी बच्चे उठ गए लेकिन विशाल नहीं उठा। परिजनों ने उसे देखा तो उसकी सांसे थम चुकी थी। इसी के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना था कि उसके कोई गुम चोट लगी थी जिससे उसकी मौत हो गई।