छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: जॉइंट काउंसिल ऑफ एक्शन जमशेदपुर के नेतृत्व में गुरुवार को आयकर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सीएच एरिया कार्यालय में प्रदर्शन किया। इस आंदोलन के जरिए रांची आयकर विभाग के अधिकारी मनमोहन सिंह की आत्महत्या के कारणों के दोषी को सजा दिलाने की मांग की। विदित हो कि चार जून को रांची आयकर विभाग के अधिकारी मनमोहन सिंह ने सुबह अपने घर के बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।

रांची में चल रहा प्रदर्शन

रांची में आयकर कर्मचारी महासंघ और आयकर राजपत्रित अधिकारी संगठन के बैनर तले तीन दिनों से मुख्य आयकर आयुक्त कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन चल रहा है। रांची के संगठनों ने आमसभा बुला कर सात सूत्री मांग पत्र मुख्य आयकर आयुक्त को सौंपा है, लेकिन अब तक किसी प्रकार की कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों ने कहा कि मनमोहन सिंह को उनके अधिकारी ने डांट फटकार लगाई थी। शुक्रवार और सोमवार को बुरे परिणाम की चेतावनी दी थी, जिस कारण मनमोहन सिंह ने आत्महत्या का रास्ता अख्तियार किया। कर्मचारी संगठन ने इस आत्महत्या को हत्या करार देकर आंदोलन कर रहे हैं। संगठन के सदस्यों ने जमशेदपुर में भी आमसभा बुलाकर और लंच ऑवर में प्रदर्शन करके रांची और पटना को संदेश दिया कि जमशेदपुर इकाई भी उनके कदम से कदम मिलाकर चलने के लिए तैयार है। साथ ही सात सूत्री मांग के समर्थन में रेसोलुशन पास किया गया। प्रदर्शन सचिव शैबाल सेनगुप्ता, अध्यक्ष नरेंद्र कर्ण और सचिव अविनाश कुमार के नेतृत्व में किया गया। आमसभा को आरपी सिंह, पूर्व सचिव संतोष चौबे और पीके चौहान ने संबोधित किया।

ये रखीं मांगें

-मनमोहन सिंह की आत्महत्या की सीबीआइ जांच हो।

-अनुकंपा आधार पर उनके परिवार के एक सदस्य को 15 दिनों के अंदर नौकरी दी जाए।

-संबंधित अधिकारी के कार्यालय में कार्यरत कर्मचारियों को वापस लिया जाए।

-विभागीय जांच बैठाई जाए, जिसमें संगठन के सदस्य सम्मिलित हों।

-परिवार को मरणोपरांत देय सभी प्रकार की विभागीय अदायगी शीघ्र पूरी की जाए।