- हजरतगंज में लखनवाइट्स ने की जागरण कनेक्शन के साथ सुबह की मस्ती

- ठंडी सुबह को जागरण कनेक्शन के जोश ने किया गर्म

- हर उम्र के लोगों ने की जमकर मस्ती, यूथ और बच्चों ने किया डांस

- जादूगर का चला जादू और श्याम चिडि़या ने बताया भविष्य

LUCKNOW: हजरतगंज चौराहे पर रविवार सुबह मस्ती के रंग में डूबा हुआ था। हजारों की भीड़ म्यूजिक के धुन पर थिरक रही थी। कोई डांस के स्टेप सीख रहा था कोई अलग-अलग खेलों का आनंद ले रहा था। लोगों के उत्साह ने सर्द हवाओं को भी मात दे दिया और मस्ती संग ज्ञान की पाठशाला उनके यादगार पलों का गवाह बन गया। मौका था दैनिक जागरण के जागरण कनेक्शन कार्यक्रम का। हजरतगंज चौराहे से राज भवन की ओर जाने वाली सड़क पर रविवार सुबह सात बजे से ही लोगों का हुजूम इकट्ठा होने लगा। लोगों का उत्साह देखकर मुख्य स्टेज पर अबशार बैंड के कलाकारों ने प्रस्तुति दी।

संगीत में डूब गये लोग

गायक इमरान ने नजरों से नजरें मिली तो, तुम जो मिल गए हो, रूप तेरा मस्ताना व काली-काली आंखे समेत कई गाने सुनाए। बैंड की प्रस्तुति देखकर लोग भावविभोर हो गए और कलाकारों की प्रतिभा की सराहना की। इस दौरान सोल्स बैंड ने इंस्ट्रूमेंट के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। गिटार पर पियूष व सूद, ड्रम पर नितिन, बेस पर कौशलेंद व वायलन पर आयुष की जुगलबंदी देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो गए। इन कलाकारों ने हम तेरे बिन अब रह नहीं सकते, धीरे-धीरे से, वो अंजाना ढूंढ़ती हूं समेत कई गानों की धुन बजाई, जिसपर उपस्थित जनसमूह ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

बनाये दिलों के अरमान

हजरतगंज चौराहे से राजभवन की ओर जाने वाली सड़क पर संरचना आर्ट्स की ओर से चाक से सजीव कलाकृतियां बनाई गई। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने सड़क पर विभिन्न आकृतियां बनाई। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के अंदर छिपी प्रतिभा को बढ़ावा दिया गया और उनके द्वारा बनाए चित्रों की खूब सराहना हुई। कार्यक्रम में अनित्या, आश्रया व नगमा ने लोगों को संरचना आ‌र्ट्स की बारिकियों के बारे में बताया।

फैमिली के साथ डांस करने का मौका

जागरण कनेक्शन कार्यक्रम में एक्सप्रेशन डांस सेंटर व फिगो के कलाकारों ने लोगों को मस्ती के रंग में रंग दिया। कलाकारों ने नए-पुराने गीतों पर अद्भुत प्रस्तुति देकर खूब वाहवाही लूटी। दोनों ग्रुप के कलाकारों ने दर्शकों को फिल्मी गानों पर डांस के टिप्स सिखाए और खूब नचाया। डांस की मस्ती में हर आयु वर्ग के लोग परिवार के साथ झूमते नजर आए। कलाकारों की प्रतिभा देख लोगों ने तालियां बजाकर उनका उत्साह बढ़ाया।

क्रिसमस केक भी काटा

कार्यक्रम में कई स्टाल लगाए गए थे। इस दौरान लोग अलग-अलग स्टाल पर जाकर जानकारी प्राप्त करते नजर आए। अंश वेलफेयर की श्रद्धा सक्सेना ने बेकार की चीजों से कारगर सामग्री बनाने की टिप्स दिए। उन्होंने लोगों को हैंडीक्राफ्ट के बारे में बताया। स्टाल क्रिसमस केक काटा गया। हर बार की भांति इस बार भी श्यामा चिडि़या से भविष्य जानने के लिए लोग बेहद उत्साहित दिखे। लोगों ने श्यामा चिडि़या से अपने भविष्य के बारे में जानकारी ली। भविष्यवाणी जानने के बाद लोग बेहद खुश नजर आए।

हाथ की सफाई सीखने का दिखा जोश

कार्यक्रम में मस्ती के रंग में रंगे लोगों ने जादूगर टाइगर के हाथ की सफाई देखी तो दंग रह गए। टाइगर ने एक से बढ़कर एक कारनामे दिखाए। इस दौरान उन्होंने लोगों को जादू के गुर भी सिखाए। टाइगर के जादू देखने के लिए लोग उतावले नजर आए। लोगों ने हाथों की सफाई सीखने के बाद प्रत्येक रविवार को जागरण कनेक्शन कार्यक्रम आयोजित किए जाने की मांग की।