लॉटरी में निकलेगा जिसका नाम, वो बनेगा फ्लैट का मालिक

ALLAHABAD: कालिंदीपुरम में इलाहाबाद विकास प्राधिकरण जागृति विहार अफोर्डेबुल आवासीय योजना के लिए जिन लोगों ने आवेदन किया था, और आवेदन के बाद लॉटरी के लिए महीनों इंतजार किया, उन लोगों के लिए गुड न्यूज है। 22 जून यानी गुरुवार को जागृति विहार अफोर्डेबुल आवासीय योजना का आवंटन होगा।

आवासीय योजना का होगा आवंटन

इलाहाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा कालिंदीपुरम में जागृति विहार अफोर्डेबुल आवासीय योजना प्रस्तावित हैं। जिसमें मध्यम अफोर्डेबुल आय वर्ग के लिए सात मंजिला बिल्डिंग में 67.80 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में 49 फ्लैट बनने हैं। जिसका रेट 25.18 लाख रुपये एडीए ने निर्धारित किया है। वहीं मिनी मध्यम अर्फोर्डेबुल आय वर्ग के लिए 54.30 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में 214 फ्लैट बनने हैं। जिसका रेट 18.87 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। अफोर्डबुल आवासीय योजना के लिए एडीए ने 22 दिसंबर 2016 को ही योजना की शुरुआत की थी। जिसमें आवेदन के लिए 31 जनवरी 2017 की डेट निर्धारित की गई थी। 31 जनवरी तक फार्म जमा हुआ। लेकिन उसके बाद जागृति विहार अफोर्डेबुल योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। जबकि सैकड़ों लोगों ने अपना आशियाना बनाने के लिए आवेदन किया। करीब पांच से छह महीने इंतजार के बाद आखिर कर 22 जून को एडीए ने फ्लैटों का आवंटन करने का निर्णय लिया है। 22 जून को इंदिरा भवन स्थित आठवें तल पर लॉटरी के माध्यम से जागृति विहार अफोर्डबुल आवासीय योजना का आवंटन किया जाएगा।