भगवान महावीर के जन्मोत्सव पर जैन धर्मावलंबियों ने निकाली शोभायात्रा

यात्रा से पहले किया गया मंदिर के शिखर पर झंडारोहण, 108 कलशों से किया गया अभिषेक

ALLAHABAD: भगवान महावीर का जन्मोत्सव समारोह गुरुवार को जैन समुदाय ने श्रद्धा भाव व उल्लास के साथ मनाया। सुबह से ही जीरो रोड स्थित जैन मंदिर परिसर में लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी। सभी में जन्मोत्सव मनाने का उत्साह नजर आ रहा था। सबसे अधिक उत्साह में बच्चे नजर आ रहे थे। जन्मोत्सव कार्यक्रम की शुरूआत में सबसे पहले मंदिर के शिखर पर झंडारोहण किया गया। इसके बाद मंदिर से भगवान महावीर की प्रतिमा की शोभायात्रा निकली। यात्रा में धर्म से जुड़े लोग चल रहे थे। इस दौरान बड़े-बुजुर्ग, महिलाएं व छोटे-छोटे बच्चे 'जियो और जीने दो' व 'अहिंसा परमो धर्म:' का उद्घोष कर रहे थे। इस दौरान जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया गया। जगह-जगह फूलमालाएं चढ़ाकर देश में अहिंसा की स्थापना और देश में शांति की कामना की गई। धर्म के लोगों में भगवान की प्रतिमा को छूकर आशीर्वाद लेने की होड़ दिख रही थी। शहर के विभिन्न मार्गो से होते हुए शोभायात्रा वापस मंदिर पहुंची तो एक बार फिर सभी में प्रतिमा को छूने की होड़ लग गई। इसके बाद मंदिर में 108 कलशों से भगवान महावीर की प्रतिमा का अभिषेक किया गया। फिर धर्म के लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर और बड़े-बुजुर्गो का आशीर्वाद लेकर पर्व की शुभकामना दी।