वार्ड की जनसंख्या : 22000

वोटर्स की संख्या : 14000

वार्ड में एरिया : जार्जटाउन, छीतपुर, दरभंगा

जाम नालियां और नाले बयां करते हैं मेडिकल कॉलेज क्षेत्र वार्ड का हाल

सफाई की अव्यवस्था से वार्ड में हर तरफ नजर आता है कूड़े का ढेर

ALLAHABAD: कहने तो को सिटी के पॉश एरिया में जार्जटाउन यानी मेडिकल कालेज क्षेत्र का एरिया भी शामिल है। इसके बाद भी यहां के लोगों के लिए बारिस के समय जीवन नारकीय हो जाता है। इसका कारण है नाले और नालियों का जाम होना। हल्की बारिस के बाद भी क्षेत्र के कई एरिया में वाटर लॉगिंग हो जाती है, जिससे यहां से गुजरना लोगों के लिए बहुत मुश्किल हो जाता है। कई बार तो हाल ये हो जाता है कि लोगों को वाटर लॉगिंग की वजह से घरों में कैद हो जाना पड़ता है। साफ सफाई के मामले में भी कई एरिया की हालत बेहद खराब है।

सड़क

क्षेत्र में सीवर लाइन बिछने के बाद ज्यादातर सड़कें फिलहाल ध्वस्त हैं। कई जगहों पर टूटी सड़कों के कारण लोग दुर्घटना के शिकार होते हैं। चिंतामणि मार्ग की हालत अधिक खराब है। कई बार लोग खराब सड़क की वजह से घायल भी हो जाते हैं, लेकिन सुधार नहीं हो रहा।

पानी

पीने के पानी की व्यवस्था भी काफी खराब है। हालांकि वाटर सप्लाई के लिए पाइप लाइन बिछाई गई है, लेकिन कई एरिया में अक्सर गंदे पानी के सप्लाई के कारण भी लोगों को भारी मुसीबत का सामना करना पड़ता है।

सफाई व्यवस्था

साफ सफाई के मामले में भी स्थिति काफी चिंताजनक है। क्षेत्र की कई सड़कों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। कूड़ा समय से नहीं उठने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क के किनारे कूड़े के ढेर लगे होने के कारण वह सड़क पर फैल जाते है। जिसके कारण भी लोगों को दिक्कत होती है।

पानी की निकासी

क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या पानी निकासी की है। बारिस के समय तो पानी सड़क पर लगा ही रहता है, लेकिन कई बार नालियों के अक्सर जाम होने के कारण भी पानी निकासी में दिक्कत होती है। यही कारण है कि अक्सर नाली में बहने वाला गंदा पानी सड़क पर बहता रहता है। चिंतामणि रोड पर कई स्थानों पर नालियों को ढक दिया गया है। इसके कारण कई स्थानों पर रोड के ऊपर नाली का गंदा पानी बहता दिखता देता है।

आवारा पशु

क्षेत्र में जगह-जगह पर दिन भर लगने वाले कूड़े के ढेर के कारण आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ती है। आवारा पशु कूड़े को भोजन की तलाश में फैला देते है, जिसके कारण कूड़ा एक स्थान से हटकर चारों तरफ फैल जाता है। उधर से गुजरने वालों को भी कई बार आवारा पशु अपना शिकार बनाते हैं।

वार्ड बोलता है

क्षेत्र में पानी, सड़क और साफ सफाई की व्यवस्था ध्वस्त है। इसके बाद भी इस ओर किसी की नजर नहीं जाती है। जनता बेहाल है, लेकिन जनता की सुनने वाला कोई नहीं है।

रामेन्द्र साहू

क्षेत्र में सड़कें टूटी हालत में पड़ी हैं। उधर से गुजरने वाले कई बार दुघर्टना का शिकार भी हो जाते हैं। इसके बाद भी टूटी सड़कों के सुधार और स्थिति में कोई परिर्वतन आज तक नहीं हुआ।

मो। असलम

एरिया के ज्यादातर इलाकों में पानी निकासी सबसे बड़ी समस्या है। हमेशा लोग इससे परेशान होते हैं। कई जगहों पर सीवर लाइन चोक होने के कारण भी लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है।

सुजीत कुमार

पब्लिक डिमांड

सड़क पर जहां भी कूड़ा इकट्ठा करने की जगह है। वहां आवारा पशुओं के आतंक को रोकने की व्यवस्था हो

नालियां और नालों की सफाई की नियमित व्यवस्था हो। जिससे पानी गलियों में ना भरने पाये

सड़कों की सही प्रकार से मरम्मत करायी जाए। जिससे लोगों के आवागमन में दिक्कत ना हो सके

जवाब दो पार्षद जी

उर्मिला सिंह

निर्वतमान पार्षद

सवाल - पांच साल में आप ने कौन कौन से काम किए?

जवाब - क्षेत्र में सबसे बड़ी समस्या पानी निकासी की थी। इसे दूर करने के लिए विधायक निधि समेत अन्य कई तरीकों से ढाई करोड़ रुपए की लागत से नाला तैयार कराया। चिंतामणि रोड, एएन झा मार्ग में नाला का पानी निकलवाने के लिए पंप लगावाया। मुख्य सड़कों का निर्माण कराने के लिए भी कई कार्य किए गए। कुछ गलियों को छोड़कर शेष को दुरुस्त कराया।

सवाल - आपके वार्ड में सबसे बड़ी समस्या क्या है?

जवाब - कई जगहों पर अभी भी पानी के निकासी की दिक्कत है। इसके अलावा सबसे बड़ी समस्या साफ सफाई और समय से कूड़ा नहीं उठने की है। गंगा प्रदूषण के द्वारा सीवर पाइप लाइन बिछाया गया और उसके बाद कनेक्शन दिए गए। फिर भी कई एरिया में सीवर पाइप चोक होने की दिक्कत का सामना करना पड़ता है।