vijay.sharma@inext.co.in

JAMSHEDPUR: स्टील सिटी में एक डीएसपी व 97 ट्रैफिक जवानों से ही शहर का ट्रैफिक कंट्रोल किया जा रहा है। शहर में करीब 6.50 लाख वाहन पंजीकृत हैं और इन्हें संभालने के लिए सौ से भी कम ट्रैफिक जवान हैं। प्रदेश सरकार ने 25 अप्रैल से सघन चेकिंग अभियान चलाने का निर्णय लिया है ऐसे में इतने कम कर्मचारियों में इस अभियान की सफलता किसी चुनौती से कम नहीं है।

शहर के कई चौराहे वीरान

जवानों की संख्या कम होने की वजह से शहर के कई चौराहों पर ट्रैफिक जवानों की तैनाती नहीं है। शहर में जुस्को चौराहा, काशीडीह, बर्मामाइंस गोलचक्कर, मरीनड्राइव, टीएमएच चौराहा, टाटा कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन, स्टेशन, करनडीह, सिदगोड़ा, टेल्को आदि चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती नहीं रहती है।

बिना संसाधन कर रहे काम

शहर में बिना संसाधन के ही ट्रैफिक विभाग काम कर रहा है। इन सिपाहियों को छाया में खड़े होने के लिए ट्रैफिक बूथ भी नहीं बनाए गए हैं। जिससे ड्यूटी में तैनात सिपाही पूरे दिन तपती धूप में जलते रहते हैं। विभाग के पास स्पीडोमीटर, एल्कोहल चेक करने वाले यंत्र सहित नाइट सिग्नल जैसे संसाधनों की कमी होने के चलते कर्मी काम नहीं कर पा रहे है। शहर में चौराहों पर कैमरे न लगे होने से चौराहों पर होने वाली गतिविधियां भी ट्रैस नहीं हो पाती है।

ट्रैफिक विभाग ने दो करोड़ वसूले

जमशेदपुर ट्रैफिक विभाग ने 2 करोड़ 85 लाख रुपये का समन वसूल किया है। शहर के लोगों को जागरूक करने के लिए विभाग लगातार चेकिंग कर रहा है। शहर में सबसे अधिक हेलमेट चेकिंग में लोगों को फाइन किया गया है। इसके बाद भी लोगों में जागरूकता नहीं आ रही है।

शहर में जाम बड़ी समस्या

शहर में दोपहर बाद नो इंट्री खुलने के बाद शहर में भारी वाहनों का प्रवेश होता है। वहीं, बड़े वाहन लगे होने से मानगो पुल, भुइयाडीह, लिट्टी चौक, एमजीएम हास्पिटल, गोलचक्कर, बंगालरोड, बिस्टुपुर, स्टेशन ओवरब्रिज, जुबली पार्क, जुगसलाई रंग गेट, कालीमाटी, साकची सीतला मंदिर चौक, डिमना चौक आदि में जाम की समस्या बनी रहती है।

अवैध पार्किंग बनी रोड़ा

शहर में सड़क किनारे होने वाले अतिक्रमण के चलते सड़कों पर जाम लग रहा है। शहर में खाली स्थानों पर पार्किंग के स्थान पर अतिक्रमण होने से आय दिन जाम लग रहा है। वहीं कई स्थानों पर सड़क किनारे खड़े वाहनों की वजह से जाम लग रहा है।

शहर में साल दर साल बढ़े वाहन

साल बाइक कार कुल

2013-14 34520 4990 45868

2014-15 40067 5684 51531

2015-16 49009 5554 59676

2016-17 42293 4953 51197

2017-18 58650 7626 65365

शहर में कुल वाहन

2017 में रजिस्ट्रेशन 58650

कुल वाहन 653650

बाइक 499323

बस 769

कार 73917

ऑटो 24400

शहर में ट्रैफिक थाने

जुगसलाई

मानगो

गोलमुरी

बिष्टुपुर

शहर में ट्रैफिक सिपाहियों की संख्या कम है। इसके लिए उच्च अधिकारियों को लेटर लिखा गया है। शहर को जागरूक करने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी चलाएं जाएंगे।

विवेकानंद ठाकुर, डीएसपी ट्रैफिक, जमशेदपुर