ष्ट॥न्यरुढ्ढन् : पूर्वी सिंहभूम जिला की चाकुलिया की मुख्य सड़क पर शुक्रवार की सुबह एक जंगली हाथी के घुस जाने से शहर में हड़कंप मच गया। राहगीर सड़क छोड़कर भागने लगे। दुकानदार शटर गिराने लगे। लोग अपने-अपने घरों के दरवाजे बंद कर छत पर चढ़कर नजारा देखने लगे। आलम यह था कि आगे-आगे हाथी और पीछे-पीछे उसे खदेड़ते करीब 1000 लोग। यह तमाशा करीब दो घंटे तक शहर में चलता रहा।

झुंड से बिछड़ा

नया बाजार मुख्य सड़क से रेलवे फाटक तक जाने के बाद बंद फाटक को देखकर हाथी प्रखंड कार्यालय रोड पर चल पड़ा। जब लोगों की भीड़ ने गजराज को चारों तरफ से घेर लिया तो वह टूटी हुई चारदीवारी के रास्ते केएनजे हाई स्कूल परिसर में घुस गया। इससे विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग एवं पुलिस प्रशासन के काफी जद्दोजहद के बाद हाथी को हवाई पट्टी के रास्ते शहर से बाहर निकाला जा सका। यह हाथी बेंद सड़क होते हुए चाकुलिया शहर में घुसा दरअसल बेंद के जंगल में हाथियों का झुंड विचरण कर रहा था। इसमें से एक हाथी बिछड़ गया। इसके बाद यह हाथी किसी तरह चाकुलिया शहर में घुस गया।

लोग दहशत में, वन विभाग ने दिखाई मुस्तैदी

चाकुलिया शहर में घुस जाने के कारण लोगों में दहशत का माहौल साफ झलक दिखाई पड़ा। हालांकि वन विभाग की मुस्तैदी के कारण हाथी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा सका। हवाई पट्टी के रास्ते से उसे जंगल में भेज दिया गया। लेकिन इस घटना के बाद दूसरे गांव के लोग दहशत में हैं। अब वे लोग रतजग्गा करने के बारे में सोच रहे हैं। वन विभाग से अन्य ग्रामीणों ने मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाई है।