रांची : एसीबी के चालक घनश्याम सिंह की हत्या के आरोप में जैप-4 जवान नवल किशोर सिंह को धुर्वा पुलिस ने जेल भेज दिया। बुधवार की रात नवल किशोर सिंह का एचइसी के ही क्वार्टर में रहने वाले धुर्वा थाने के टीओपी नंबर तीन में तैनात हवलदार रामबदन सिंह, उनके बेटे घनश्याम सिंह और एसीबी में ही तैनात उनके दामाद सुमन सिंह से विवाद हो गया था। वाहन के पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद नवल किशोर सिंह ने तीनों को चाकू मार दिया था। इसके बाद सभी को रिम्स भेजा गया था। रिम्स से उन्हें मेडिका भेजा गया था। जहां घनश्याम की मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपी नवल किशोर सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। नवल किशोर जैप चार बोकारो में पदस्थापित था। रांची में एफएसएल में बतौर चालक उसकी प्रतिनियुक्ति हुई थी। इधर हत्याकांड में गिरफ्तारी के बाद नवल किशोर सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

हमेशा करते थे विवाद, इसलिए की हत्या

नवल किशोर सिंह ने पुलिस को दिए स्वीकारोक्ति बयान में कहा बताया कि गाड़ी की पार्किंग को लेकर हमेशा विवाद होता था। नवल ने कहा कि बुधवार की रात भी शराब के नशे में घनश्याम के अलावा अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी थी। ऐसे में बचाव के लिए उसने चाकू से हमला किया था।