-रोड साइड कूड़े का अम्बार देख नगर विकास मंत्री ने लिया कड़ा एक्शन

-अधिकारियों के साथ विकास कार्यो की समीक्षा भी की

VARANASI

बनारस में चल रहे विकास कार्यो का शनिवार को जायजा लेने पहुंचे नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नगर निगम के सात कर्मचारियों को निलम्बित कर दिया है। वह शहर की बदहाल स्थिति से रूबरू होने के लिए शनिवार को निरीक्षण करने निकले थे। इस दौरान सिकरौल क्षेत्र में जगह-जगह रोड साइड कूड़े का अंबार दिखा। फौरन विभाग के अधिकारियों को तलब करते हुए जिम्मेदार कर्मचारियों को निलम्बित करने का निर्देश दिया।

पिछले दौरे में भी थीं खामियां

प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यो के निरीक्षण को पूर्व में भी दौरे पर आये मंत्री को गंदगी की समस्याओं से दो-चार होना पड़ा था। हालांकि उस दौरान उन्होंने जिम्मेदार लोगों को अपने रवैये में सुधार लाने की हिदायत देकर छोड़ दिया था। इसकी बार-बार पुनरावृत्ति पर अन्त में उनके सब्र का बांध टूट गया।

इन पर हुई कार्रवाई

नगर निगम के कर निरीक्षक व भेलूपुर जोनल अधिकारी अतुल यादव, सेनेटरी इंस्पेक्टर राजन यादव, कार्यकारी सेनेटरी इंस्पेक्टर नृपेन्द्र सिंह, सफाई सुपरवाइजर संतोष के अलावा अन्य कर्मचारियों पर मंत्री की गाज गिरी।

कूड़ा फेकने पर लगायें जुर्माना

मलदहिया स्थित मलिन बस्ती में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि रोड साइड और गलियों में कूड़ा फेकने वालों पर जुर्माना लगाया जाये। इस कार्रवाई से कड़ा संदेश जाएगा। इसके पूर्व प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय में उन्होंने जनसुनवाई की। यहां के बाद उन्होंने कमिश्नरी में अधिकारियों के साथ विकास कार्यो की समीक्षा की।