रांची : बिहार के जहानाबाद पुलिस ने कुख्यात अपराधी सोनू कुमार को लूटपाट मामले में पकड़ कर अपने साथ ले गई। धुर्वा स्थित महावीर मंदिर के पास से सोनू को किराये के मकान से पुलिस ने पकड़ा है। मंगलवार को जहानाबाद पुलिस की एसआइटी ने पकड़ा है। जहानाबाद में गिरफ्तार अपराधी की निशानदेही पर बिहार पुलिस ने रांची में छापेमारी की। सोनू की गिरफ्तारी के बारे में अन्य कोई जानकारी रांची पुलिस को नहीं दी गई है। गिरफ्तार सोनू कुमार सिचाई कॉलोनी का रहने वाला है। इधर, धुर्वा इंस्पेक्टर तारकेश्वर राम ने बताया कि जहानाबाद पुलिस की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। ना ही छापेमारी में कोई मदद मांगी गई है। स्थानीय लोगों से सूचना मिली, इसके बाद जहानाबाद पुलिस के क्षेत्र में पहुंचने की बात सामने आई।

स्थानीय थाना को नहीं दी गई कोई जानकारी

बिहार से रांची पहुंची पुलिस टीम द्वारा छापेमारी के बारे में कोई सूचना नहीं दी गई थी। बिना सूचना दिए जहानाबाद पुलिस ने छापेमारी कर आरोपित को पकड़ा है। मंगलवार की सुबह बिहार पुलिस ने यह कार्रवाई की है। पुलिस सूत्रों की मानें, तो जहानाबाद पुलिस ने गाड़ी लूटपाट मामले में छापेमारी की। जहानाबाद में इस गिरोह के सदस्य को पुलिस ने पकड़ा था। जिसके बाद गिरफ्तारी अपराधी की निशानदेही पर जहानाबाद पुलिस ने रांची में छापेमारी की है। हालांकि, गिरोह के बाकि सदस्य अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।