-शास्त्रीनगर में सर्राफ की पत्नी की संदिग्ध मौत, बाथरूम में मिली लाश

-पति ने आर्थिक तंगी के चलते सुसाइड कर लेने का दावा किया

-भाई ने कहा, अवैध संबंध का विरोध करने पर पति ने की है हत्या

KANPUUR : काकादेव में शनिवार को विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसका शव बाथरूम में फंदे से लटका मिला। उसकी हथेली पर 'सॉरी डोंट टच मी' लिखा था। भाई ने पति पर अवैध संबंध के चलते उसकी हत्या का शक जताया है। वहीं, पति ने सर्राफा हड़ताल की वजह से होने वाली आर्थिक तंगी से सुसाइड करने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम भेज दिया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का कारण साफ होगा।

पीएम रिपोर्ट से साफ होगी वजह

शास्त्री नगर में रहने वाले अनिल कुमार वर्मा सुनार हैं। उनके परिवार में पत्नी स्नेहलता (39) और दो बच्चे दिव्या और पारस हैं। अनिल की यादव मार्केट में शॉप है। अनिल और स्नेहलता का अक्सर झगड़ा होता था। शुक्रवार को भी उनका झगड़ा हुआ था। अनिल का कहना है कि वो रात को घर से दर्शनपुरवा निवासी दोस्त जितेंद्र के घर चला गया था। वो रात को वहीं रुक गया था। सुबह बेटा पारस बाथरूम गया तो वहां पर मां की लाश देख उसके होश उड़ गए। वो चीखता हुआ बाहर आ गया। उसकी आवाज सुनकर पड़ोसी समेत इलाकाई लोग मौके वहां पहुंच गए। उन्होनें अनिल को इसकी जानकारी दी तो वह भागकर घर पहुंच गया। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पड़ताल की। स्नेहलता की हथेली में 'सॉरी डोंट टच मी' लिखा था। पुलिस पंचनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम भेज दिया।

पति का दावा, सर्राफा बंदी ने ली जान

अनिल के मुताबिक सर्राफा बन्दी ने उसकी पत्नी की जान ली है। उसके मुताबिक बंदी के चलते घर में आर्थिक तंगी के हालात हो गए हैं। उसे उधार लेकर घर का खर्चा चलाना पड़ रहा था। इसी वजह से स्नेहलता परेशान चल रही थी। उसका अक्सर झगड़ा भी हो जाता था। उसने आर्थिक तंगी की वजह से ही जान दी है।

भाई ने हत्या का आरोप लगाया

स्नेहलता की मौत का पता चलते ही शिकोहाबाद निवासी भाई हरिओम कानपुर आ गया। उसके मुताबिक अनिल के किसी महिला से अवैध संबंध है। जिसका स्नेहलता विरोध करती थी। इसे लेकर ही उसका अक्सर अनिल से झगड़ा होता था। अनिल उसके साथ मारपीट करता था। उसको शक है कि अनिल ने अवैध संबंध का विरोध करने पर उसकी हत्या की है।