- 4 बजकर 10 मिनट पर महंत देवेन्द्र दास की अगुआई में झंडे जी का हुआ आरोहण

- एक महीने चल चलेगा दून का प्रसिद्ध झंडा मेला

DEHRADUN: लाखों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में ट्यूजडे को श्री दरबार साहिब में आस्था के प्रतीक झंडा जी के आरोहण के साथ ही प्रसिद्ध झंडा मेला शुरू हो गया। इस दौरान श्री दरबार साहिब और आसपास के क्षेत्रों में जबरदस्त भीड़ रही। सहारनपुर चौक और आसपास श्रद्धालुओं की आवाजाही के कारण जाम की स्थिति बनी रही। शाम 4 बजकर 10 मिनट पर जैसे ही महंत देवेन्द्र दास की अगुआई में झंडे जी का आरोहण किया गया, पूरा मेला क्षेत्र गुरु राम राय के जयकारों से गूंज उठा।

सुबह शुरू हुई प्रक्रिया

90 फीट ऊंचे झंडे जी के आरोहण की प्रक्रिया सुबह ही शुरू हो गई थी। पहले सादे और शनील के गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया हुई। करीब डेढ़ बजे दर्शनी गिलाफ चढ़ाया गया। 4 बजकर 10 मिनट पर महंत देवेन्द्र दास के दिशा-निर्देशन में झंडे जी के आरोहण की प्रक्रिया पूरी हुई।

लाइव देखा आरोहण

मेला प्रबन्धन की ओर से प्रोजेक्टर की व्यवस्था की गई थी। जो संगत दरबार तक नहीं पहुंच पाई उसने स्क्रीन पर आरोहण का सीधा प्रसारण देखा। ड्रोन द्वारा की जा रही रिकॉर्डिंग सबके आकर्षण का केन्द्र रही।

विदेशी संगतें भी पहुंचीं

झंडे जी पर शीश नवाने के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखण्ड, हिमाचल प्रदेश सहित विदेशों से भी संगतें पहुंची हैं। इसके साथ ही श्रद्धालुओं ने श्री दरबार साहिब स्थित पवित्र सरोवर में डुबकी लगाई। सुबह से ही यहां स्नान का सिलसिला शुरू हो गया था। बच्चों ने भी सरोवर में स्नान का आनन्द उठाया।

आईजी अशोक कुमार ने किए दर्शन

पुलिस महानिरीक्षक अशोक कुमार अपनी पत्‍‌नी के साथ झंडे जी आरोहण का साक्षी बनने के लिए पहुंचे। आरोहण की पूरी प्रक्रिया के दौरान वे मौजूद रहे। उनके साथ सीओ सिटी चन्द्रमोहन सिंह नेगी व थाना अध्यक्ष बाजार कोतवाली भी मौजूद थे।

महंत ने दी शुभकामनाएं

झंडे जी के आरोहण के बाद महंत देवेन्द्र दास ने देश व प्रदेशवासियों सहित संगतों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री झंडा मेला प्रेम, सद्भावना, भाईचारे, सौहार्द, उल्लास व अमन-चैन का संदेश देने वाला मेला है। झंडे जी पर शीश नवाने से सभी की मन्नतें पूरी होती हैं।