-श्रद्धालुओं की लगी रही लम्बी लाइन, मात्था टेक मांगी मन्नतें

-आज सुबह नौ बजे से प्रारम्भ होगी ऐतिहासिक नगर परिक्रमा

DEHRADUN: श्री झंडे जी मेले के शुभारम्भ के दूसरे दिन मंगलवार को भी दिनभर दून में आस्था का सैलाब उमड़ा। श्रद्धा में शीष नवाने के लिए श्री दरबार साहिब परिसर में संगतों की भारी चहल-पहल बनी रही। सुबह से ही संगतों की लम्बी लाइन लग गयी थी। ऐतिहासिक नगर परिक्रमा आज सुबह नौ बजे से शुरू होगी।

श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

श्री झंडे जी मेले के दौरान मंगलवार अल सुबह से ही श्रद्धालुओं की लम्बी कतार लग गई। मत्था टेककर श्रद्धालुओं ने अपने-अपने लिए मन्नतें भी मांगी।

संगतों को दिया आशीर्वाद

श्री दरबार साहिब के महंत देवेंद्र दास महाराज ने संगतों को आशीर्वाद दिया। महाराज ने आदर्श जीवन को जीने, पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने, नशा मुक्ति में सहभागी बनने, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने का भी सभी संगतों से आह्वान किया।

श्रेष्ठ राष्ट्र निर्माण का पढ़ाया पाठ

महंत देवेंद्र दास महाराज ने संगतों को जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति और मोक्ष के रहस्य का ज्ञान भी दिया। उन्होंने आदर्श व्यक्ति, आदर्श परिवार का संकल्प लेकर श्रेष्ठ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने का पाठ भी पढ़ाया। उन्होंने सभी को सुख-शांति का संदेश देते हुए गुरु महाराज की महिमा का महत्व भी बताया।

विशेष बॉक्स

नगर परिक्रमा आज

महंत देवेंद्र दास महाराज की अगुवाई में बुधवार को ऐतिहासिक नगर परिक्रमा होगी। इस नगर परिक्रमा के लिए संगतें और देहरादून के श्रद्धालुगण पूरी तरह से तैयार हैं। मेला समन्वयक विष्णु कुमार नौटियाल के अनुसार नगर परिक्रमा सुबह 9 बजे श्री दरबार साहिब परिसर से प्रारम्भ होगी। जिसमें लगभग पच्चीस हजार से अधिक संगतें शामिल होंगी।