RANCHI : रांची के बड़ा तालाब स्थित टापू में स्वामी विवेकानंद की 30 फीट ऊंची प्रतिमा लगाई जाएगी। यह प्रतिमा तांबे की होगी। इसे बनाने का जिम्मा देश के प्रख्यात मूर्तिकार पद्मश्री एवं पद्मविभूषण राम वी सुतार को दिया गया है। झारखंड कैबिनेट की शुक्रवार को हुई बैठक में उक्त निर्णय लिया गया।

सुतार ही बना रहे हैं सरदार पटेल की प्रतिमा

राम वी सुतार गुजरात में स्थापित होने वाली सरदार वल्लभ भाई पटेल की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा (522 फीट) का भी निर्माण कर रहे हैं। श्री सुतार ने पिछले 60 वर्षो में न केवल देश बल्कि विदेशों में भी 200 से ज्यादा मेटल की ऊंची प्रतिमाएं बना चुके हैं। उन्होंने नागपुर के लिए स्वामी विवेकानंद की 21 फीट की धातु की मूर्ति बनाई है। 30 फीट के पेडेस्टल पर स्थापित यह प्रतिमा अभी देश की सबसे ऊंची मूर्ति मानी जाती है। नागपुर में स्थापित इस 4 टन की प्रतिमा को बनाने में 1 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं।

मेकॉन से परामर्श लिया गया

राज्य सरकार ने स्वामी विवेकानंद की मूर्ति बनवाने के लिए मेकॉन लिमिटेड को कंसल्टेंट नियुक्त किया है। मेकॉन ने इस काम के लिए विश्व भारती, शांति निकेतन एवं स्कूल ऑफ स्कल्पचर (केआइआइटी) यूनिवर्सिटी, भुवनेश्वर से संपर्क किया था। मेकॉन ने यह निष्कर्ष निकाला कि इन दोनों संस्थानों की कलात्मक क्षमता पर तो कोई संदेह नहीं है, लेकिन इन दोनों संस्थानों के पास 30 फीट ऊंची धातु की प्रतिमा बनाने के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी है।

कैसी होगी प्रतिमा

11 सितंबर 1893 को शिकागो सर्वधर्म सम्मेलन में स्वामी विवेकानंद की व्याख्यान देती मुद्रा का चयन प्रतिमा के निर्माण के लिए किया गया है। छाती के पास दोनों हाथ बांधे स्वामी विवेकानंद की यह मुद्रा काफी मशहूर है।

आठ से दस महीने में तैयार होगी प्रतिमा

राम वी सुतार को प्रतिमा बनाने में 8 से 10 महीने का वक्त लगेगा। यह जानकारी राम सुतार आर्ट क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड एवं राम सुतार फाइन आर्ट प्राइवेट लिमिटेड, नोएडा के अनिल राम सुतार ने सरकार को दी है। राज्य सरकार जो कार्यादेश निर्गत करेगी, उसमें प्रतिमा के निर्माण की अवधि दस माह तय की जाएगी। इसके अलावा रांची झील के संपूर्ण सौंदर्यीकरण के लिए नगर विकास विभाग से समन्वय स्थापित किया जाएगा।

देश की सबसे ऊंची प्रतिमा

रांची झील के बीचो-बीच स्थित निर्माणाधीन ध्यान केंद्र के ऊपर पेडेस्टल पर स्थापित होने के बाद स्वामी विवेकानंद की यह देश में सबसे ऊंची प्रतिमा होगी।

तीन करोड़ रुपए होंगे खर्च

राम सुतार आर्ट क्रिएशन प्राइवेट लिमिटेड ने 14.5 परसेंट वैट के साथ इस प्रतिमा के निर्माण पर 2 करोड़ 40 लाख पचास हजार रुपए के खर्च का ब्यौरा दिया है। इसकी तीस प्रतिशत राशि अग्रिम के रूप में देने की बात कही गई है। यह प्रतिमा 6.5 टन की होगी। इसके ट्रांसपोर्टेशन झील के अंदर परिचालन का खर्च सरकार वहन करेगी। अनुमान है कि मूर्ति स्थापित करने में कुल 3 करोड़ रुपए खर्च हो जाएंगे।