RANCHI: सिमडेगा के कुरडेग की रहने वाली युवती से दिल्ली के जीबी रोड में वेश्यावृत्ति कराने की सूचना पर पुलिस ने शनिवार को छापेमारी कर उसे मुक्त करा लिया है। फिलहात युवती को दिल्ली के शेल्टर होम में रखा गया है। बताया जाता है कि युवती को जहां रखा गया था, उस मकान की छत से पड़ोस में रहने वाली महिला को वह इशारों ही इशारों में आपबीती सुनाई थी। पड़ोसी महिला ने इस बात की जानकारी रांची के दीया सेवा संस्था की सचिव सीता स्वांसी को दी। सीता स्वांसी ने तुरंत इस संबंध में दिल्ली व झारखंड पुलिस से संपर्क साधा। खबर मिलते ही पुलिस हरकत में आई और युवती को दिल्ली में रेड कर छुड़ा लिया।

जीबी रोड में कैद थी युवती

सीता ने बताया कि युवती को सिमडेगा का मनोज साहू प्रेमजाल में फांसकर दिल्ली ले गया था। इसके बाद उसे वहां वेश्यावृत्ति के लिए धंधेबाजों को बेच दिया था। दिल्ली के जीबी रोड स्थित एक निजी मकान में उससे वेश्यावृत्ति कराई जा रही थी। उसे कैद करके रखा गया था और घर लौटने की बात कहने पर पिटाई की जाती थी।