पुलिस मुख्यालय ने शुरू की तैयारी

-अभी 24 जिलों में है महिला थाना

RANCHI : अब अनुमंडल स्तर पर महिला थाना खोले जाएंगे। पहले चरण में 41 नए महिला थाना खोले जाने की तैयारी पुलिस मुख्यालय कर रही है। अनुमंडल स्तर पर महिला थानों के खुलने के बाद महिलाओं से जुड़े अपराध और हिंसा से जुड़े मामलों की रिपोर्ट दर्ज करने व अनुसंधान में और सहूलियत हो जाएगी। इतना ही नहीं, पीडि़त महिलाओं को केस दर्ज कराने के लिए जिला स्तर के महिला थाना का चक्कर नहीं लगाना होगा।

कैबिनेट से मिल चुकी है मंजूरी

झारखंड पुलिस के आईजी सह प्रवक्ता आशीष बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अनुमंडल स्तर पर महिला थाना खोलने का निर्देश दिया था। महिला थाना खोलने के प्रस्ताव को कैबिनेट की भी मंजूरी मिल चुकी है। जल्द ही 41 अनुमंडलों में महिला थाना शुरू कर दी जाएगी। उन्होने बताया कि झारखंड में दो महिला थानों से शुरूआत हुई थी। अभी सभी 24 जिलों में महिला थाना काम कर रहा है। जल्द ही इसकी संख्या 65 तक पहुंच जाएगी। इन थानों में महिला पुलिस पदाधिकारियों की पोस्टिंग की जाएगी।