RANCHI : राज्य सरकार ने आदिम जनजाति को नियुक्ति समेत अन्य मामलों में दो प्रतिशत रिजर्वेशन देने का फैसला लिया है। इसके तहत अनुसूचित जनजाति को मिल रहे आरक्षण में से दो प्रतिशत लाभ आदिम जनजाति के युवाओं को मिलेगा। मंगलवार को मुख्यमंत्री रघुवर दास की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट में हुए इस अहम निर्णय का फायदा असुर, बिरहोर, बिरजिया, कोरबा, माल पहाड़िया, पहाड़िया, सौरिया पहाड़िया और सबर जनजाति की 2.11 लाख आबादी को फायदा मिलेगा।

श्रावणी मेले के लिए साढ़े पांच करोड़

कैबिनेट ने सुप्रसिद्ध श्रावणी मेले के लिए विशेष राशि के प्रावधान को भी सहमति दी है। इसके तहत देवघर नगर निगम एवं बासुकीनाथ नगर पंचायत को श्रावणी मेला के आयोजन हेतु पांच करोड़ 49 लाख 53 हजार रुपये की झारखंड आकस्मिकता निधि से जारी किए जाने पर सहमति बनी है।

सड़कों पर खर्च होंगे 302 करोड़

कैबिनेट ने रांची जिले में 37 किमी लंबे पिठौरिया-ठाकुरगांव-बुड़मू-रायखेलारी सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए 184.31 करोड़ रुपए खर्च करने के प्रस्ताव के मंजूरी दे दी है। इसके अलावा पश्चिम सिंहभूम जिले में 86.24 करोड़ रुपए की लागत से 41.56 किमी सोनुआ-पनसुआ-लुदई-गुदरी पथ और पूर्वी सिंहभूम जिले में 31.55 करोड़ रुपए की लागत से 15.95 किमी बेघनाडीह-पोटका पथ का चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण किया जाएगा।

2.11 लाख है आदिम जनजाति की आबादी

आदिम जनजाति के अंतगर्त आठ जनजाति आती है। असुर, बिरहोर, बिरजिया, कोरबा, माल पहाड़िया, पहाड़िया, सौरिया पहाड़िया और सबर जनजाति इसमें शामिल हैं। 2011 की जनगणना के आधार पर असुर की 22459, बिरहोर की 10726, बिरजिया की 6276, कोरबा की 35606, माल पहाड़िया की 135797, पहाड़िया की 25585, सौरिया पहाड़िया की 46222 और सबर जनजाति की 9698 आबादी झारखंड में निवास करती है।

डिफेंस यूनिवर्सिटी के सिलेबस को मंजूरी (बॉक्स)

कैबिनेट ने अगस्त से शुरू होने वाल डिफेंस यूनिवर्सिटी के सिलेबस को मंजूरी दे दी है। पहले सेशन में पांच कोर्स चलाए जाएंगे। इसके अलावा यूनिवर्सिटी के लिए पदों के सृजन से संबंधित प्रस्ताव को भी स्वीकृति दे दी गई है। जल्द ही इन पदों पर स्थायी अथवा कांट्रैक्ट के आधार पर बहाली होगी।

जेएसएससी में संस्कृति को मान्यता

झारखंड स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (जेएसएससी) द्वारा ली जाने वाली परीक्षाओं में संस्कृत को भी शामिल करने का फैसला लिया है। आयोग की मैट्रिक, इंटर व स्नातक स्तर की मुख्य परीक्षा में सेकेंड पेपर के तौर पर संस्कृत भाषा को जगह दी गई है।