RANCHI:तीन दिनी दूसरे झारखंड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का शुक्रवार को होटवार के मेगा स्पो‌र्ट्स काम्प्लेक्स के हरिवंश टाना भगत स्टेडियम में मंत्री अमर कुमार बाउरी ने किया। कहा कि खनिज संपदा के लिए जाना जाने वाला राज्य झारखंड अब पर्यटन व फिल्म निर्माण के लिए भी जाना जा रहा है। अब झारखंड बदल गया है। लोग मन में झारखंड की अलग छवि लेकर आते हैं, लेकिन यहां से जाने के बाद उनकी धारणा बदल जाती है। वे एक सुंदर झारखंड को मन में लेकर जाते हैं।

दुनिया में धूम मचा रहे कलाकार

बाउरी ने कहा कि देश की उन्नति में यहां की खनिज संपदा का अहम योगदान है। देश में स्टील का पहला कारखाना झारखंड में ही खुला। इस तरह देश की उन्नति में झारखंड का योगदान भुलाया नहीं जा सकता। अब यहां के कलाकार दुनिया में धूम मचा रहे हैं। यहां की कला- संस्कृति अब देश-विदेश में पहचानी जा रही है। उन्होंने इस फिल्म फेस्टिवल के सफल होने की कामना की और देश-विदेश से आए अतिथियों को झारखंड भ्रमण करने का आमंत्रण भी दिया। मंत्री अमर कुमार बाउरी ने दो थिएटर को भी देखा, जिसमें फिल्में दिखाई जा रही हैं। इस अवसर पर आयोजन समिति के चैयरमैन ऋषि प्रकाश मिश्रा, आइएएस सुधीर प्रसाद आदि ने उपस्थित थे।

देश-दुनिया की हस्तियों का सम्मान

द्वितीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में दुनिया के विभिन्न देशों से आए अतिथियों को मोमेंटो देकर स्वागत किया गया। इसमें इजराइल की कल्चरल अटैची क्यूमा मंतजर, अफगानिस्तान के एजुकेशन अटैची सैदिकुल्लाह सहर, इजरायल के फिल्म डायरेक्टर डॉन वालमैन, पोलैंड की एक्टर, सिंगर, डांसर नतालिया जॉन जैक व इंटरनेशनल मॉडल मिया लकड़ा शामिल थीं। इनके अतिरिक्त विभिन्न कैटेगरी में लोगों को सम्मानित भी किया गया। इसमें फिल्म रिसर्च इन झारखंड के लिए हजारीबाग से आए डॉ। तापस चक्रवर्ती, बेस्ट परफॉरमेंस अवार्ड फिल्म ट्रैक द मिस्ट्री के लिए हेमंत पांडेय, फ‌र्स्ट टाइम फिल्म मेकर के लिए विकास-प्रकाश, फ‌र्स्ट टाइम शॉर्ट फिल्म मेकर के लिए राहुल मिश्रा व सुमित सचदेवा, बेस्ट पेट्रियाटिक वीडियो फिल्म के लिए खूंटी के तपन कुमार घोष, बेस्ट एजुकेशनल डेडिकेशन के लिए एमएमके हाई स्कूल के निदेशक डॉ। तनवीर अहमद, विशिष्ट अतिथि सम्मान छऊ गुरु सुशांत के महापात्रा, पंडित राज कुमार शुक्ला अवार्ड फोर बेस्ट फिल्म ऑन गांधी के लिए राजेश जैस आदि के नाम शामिल हैं।

रांची के अभिनेता राजेश जैस सम्मानित

फिल्म फेस्टिवल के पहले दिन गांधी द महात्मा फिल्म में महात्मा गांधी की भूमिका निभाने के लिए रांची में पले-बढ़े अभिनेता राजेश जैस को अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। इजरायल के फिल्म निर्देशक डॉन वॉलमैन ने राजेश जैस को सम्मानित किया।

राजकुमार शुक्ल के जीवन पर बनेगी फिल्म

चंपारण आंदोलन के मुख्य सूत्रधार रहे राजकुमार शुक्ल के नाती रविभूषण राय ने कहा कि राजकुमार शुक्ल पर फिल्म बनेगी। पिछले साल भारत सरकार ने उन पर डाक टिकट जारी किया। गांधी को चंपारण ले आने का श्रेय उन्हें ही है।