रणजी ट्रॉफी

-सौराष्ट्र ने झारखंड को छह विकेट से हराया

-सुमित ने खेली शतकीय पारी, नजीम एक रन से चूके शतक से

रांची : सुमित कुमार (108) व नजीम सिद्दीकी (99) की साहसिक बल्लेबाजी भी झारखंड टीम की हार नहीं टाल पाई। राजकोट में रणजी ट्रॉफी ग्रुप बी मुकाबले में सौराष्ट्र ने झारखंड को छह विकेट से पराजित किया। पहले खेलते हुए सौराष्ट्र की टीम ने पहली पारी में नौ विकेट पर 553 रन बनाकर पारी घोषित कर दी। जवाब में झारखंड की टीम पहली पारी में 270 रनों पर सिमट गई। 283 रनों से पिछड़ने के कारण झारखंड को फॉलोआन खेलना पड़ा। दूसरी पारी में झारखंड की टीम 341 रनों पर आउट हो गई। इस प्रकार सौराष्ट्र को जीत के लिए 58 रनों का लक्ष्य मिला जिसे उसने चार विकेट खोकर प्राप्त कर लिया।

सुमित व नजीम की शानदार बल्लेबाजी

झारखंड की दूसरी पारी में सुमित कुमार व नजीम सिद्दीकी ने शानदार बल्लेबाजी की। चौथे दिन का पहला सत्र दोनों बल्लेबाजों के नाम रहा। झारखंड ने एक विकेट पर 139 रनों से आगे खेलना शुरू किया। नजीम शुरू से ही आक्रामक नजर आए और कई शानदार शॉट खेले। वहीं सुमित कुमार ने भी उनका अच्छा साथ दिया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 91 रनों की भागीदारी निभाई। दोनों जबतक बल्लेबाजी कर रहे थे तब लग रहा था कि झारखंड मैच ड्रा कराने में सफल रहेगा। लेकिन इस जोड़ी के टूटते ही टीम दबाव में आ गई। नजीम एक रन से अपना शतक चूक गए। उन्होंने 75 गेंदों पर 13 चौके व दो छक्कों की मदद से 99 रनों की पारी खेली। सौराष्ट्र के जानी ने उनके पटेल के हाथों कैच कराकर उनकी पारी समाप्त की। इसके बाद सुमित कुमार ने सौरभ तिवारी के साथ मिलकर टीम के स्कोर को दो सौ के पार पहुंचाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 77 रनों की साझेदारी की। सौरभ तिवारी 32 रन बनाकर जडेजा की गेंद पर बोल्ड हुए। पहली पारी में शतक जड़ने वाले इशांक जग्गी ने भी बेहतरीन शुरुआत की। लेकिन 259 के योग पर सुमित कुमार 108 रन बनाकर जडेजा के शिकार बने। उन्होंने अपनी पारी में 147 गेंदों का सामना करते हुए 12 चौके व पांच छक्के जड़े। इशांक जग्गी 35 व इशान किशन 34 रन बनाकर आउट हुए। झारखंड के अंतिम छह बल्लेबाज 25 रन बनाकर आउट हुए। सौराष्ट्र की ओर से डी जडेजा ने 108 रन देकर चार विकेट लिए।

संक्षिप्त स्कोर

सौराष्ट्र पहली पारी- 553-9 पारी घोषित, सौराष्ट्र दूसरी पारी 59-4 विकेट

झारखंड पहली पारी -270 आलआउट

झारखंड दूसरी पारी -341 आल आउट।