-पोलित ब्यूरो सदस्य अरविंद दस्ते के नवीन और प्रिंस थे शामिल

-नक्सलियों के खिलाफ झारखंड और बिहार पुलिस का संयुक्त अभियान आज से

-मृत तीन नक्सलियों की तस्वीर झारखंड पुलिस ने मंगवाई

-चतरा और पलामू जिलों को विशेष चौकसी बरतने के दिए गए निर्देश

रांची : बिहार के औरंगाबाद और गया जिले की सीमा डुमरी नाला के पास मुठभेड़ और सीरियल ब्लास्ट में झारखंड के भी नक्सली शामिल हैं। इसकी जानकारी झारखंड पुलिस मुख्यालय को मिली है। झारखंड के बूढ़ा पहाड़ के बीहड़ में छिपे भाकपा माओवादी पोलित ब्यूरो सदस्य अरविंद दस्ते के दो एरिया कमांडर नवीन और प्रिंस भी शामिल थे। इनके अलावा और भी नक्सलियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। झारखंड पुलिस मुख्यालय ने मुठभेड़ में मारे गए। तीनों नक्सलियों की तस्वीर बिहार पुलिस से मंगवाई है। तस्वीरों के सहारे उन नक्सलियों के पहचान की कोशिश की जा रही है।

बॉर्डर के जिलों में अलर्ट

बिहार के औरंगाबाद और गया जिले से सटे झारखंड के दो जिलों चतरा और पलामू जिले की पुलिस को विशेष चौकसी बरतने का निर्देश पुलिस मुख्यालय के स्तर से दिया गया है। इसके साथ ही बाकी जिलों को भी अलर्ट किया गया है कि वे अभियान में विशेष सतर्कता बरतें। गाइड लाइन के मुताबिक सुरक्षाकर्मी अभियान में आगे कदम बढ़ाएं।

12 जवान हुए थे शहीद

उधर, 12 जवानों के शहीद होने को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है। यही वजह है कि बुधवार से सीमावर्ती क्षेत्रों में बिहार और झारखंड पुलिस नक्सलियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाएंगे।

------

बिहार के औरंगाबाद-गया मुठभेड़ में झारखंड के नक्सलियों के शामिल होने की बात सामने आई है। मुठभेड़ में मारे गए तीन नक्सलियों की तस्वीर भी मंगवाई गई है। जांच की जा रही है कि वे कौन हैं। बुधवार से झारखंड-बिहार पुलिस का संयुक्त अभियान सीमावर्ती क्षेत्रों में चलेगा।

-एमएस भाटिया, आईजी अभियान सह प्रवक्ता

---------------------

नक्सल और आतंकवाद पर आज मंथन करेगी पांच राज्यों की पुलिस

-झारखंड, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, बिहार और ओडि़शा के पुलिस ऑफिसर्स होंगे शामिल

रांची : नक्सल और आतंकवाद से एकजुट होकर लड़ने के लिए एक बार फिर पूर्वी क्षेत्रीय परिषद के पांचों राज्य के वरीय पुलिस अफसर एक साथ बुधवार को बैठेंगे। रांची स्थित पुलिस मुख्यालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई है। इसमें नक्सल और आतंकवाद सहित अन्य मुद्दों पर मंथन के पश्चात अगले छह माह की रणनीति बनेगी। इसको लेकर पुलिस मुख्यालय में दिनभर तैयारी चलती रही। डीजीपी डीके पांडेय ने तैयारियों को लेकर मातहत अधिकारियों के साथ बैठक भी की।

आईजी और एडीजी स्तर के अधिकारी

बुधवार को बैठक में बतौर मेजबान झारखंड पुलिस के डीजीपी और अन्य पुलिस अधिकारियों के अलावा पड़ोसी राज्य बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के आइजी से लेकर एडीजी स्तर तक के वरीय पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। यह जानकारी एडीजीपी अभियान सह पुलिस प्रवक्ता एसएन प्रधान ने दी।

अभियान पर रणनीति

इस बैठक में सभी राज्य सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सलियों के खिलाफ कारगर नक्सल अभियान चलाने को लेकर रणनीति को अंतिम रूप देंगे। साथ ही खुफिया जानकारी को एक-दूसरे के साथ साझा भी करेंगे। वैसे नक्सलियों कि सूची भी एक राज्य दूसरे को सौंपेंगे जो अभियान चलने के दौरान भागकर दूसरे राज्यों में पनाह लेते हैं। इसके अलावा तेजी से चुनौती बन रहे आतंकी संगठनों के संबंध में भी पांच राज्यों के अफसर ठोस रणनीति के तहत कैसे काम किया जाए इस पर चर्चा करेंगे। हाल के दिनों में झारखंड के पाकुड़ और साहिबगंज के बाद बिहार के पटना में पॉपुलर फ्रंट नामक संगठन द्वारा पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए जाने के मामले पर भी चर्चा हो सकती है।