JAMSHEDPUR: जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमिटी (जेएनएसी) अब शहर के पालतू जानवरों का भी हिसाब-किताब रखेगी। जेएनएसी अब इनका रजिस्ट्रेशन कर टैक्स भी वसूलेगी। हालांकि, ये टैक्स मामूली होगा और इसके जरिए जेएनएसी पालतू जानवरों की निगरानी का प्रबंधन करेगी। पालतू जानवरों को टीका लगा कि नहीं, पालतू कुत्तों को रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया या नहीं जेएनएसी इसका पूरा ब्योरा रखेगी। पालतू जानवर के मालिकों से कितना टैक्स लिया जाए इस पर अभी मंथन चल रहा है

ऑनलाइन होगा रजिस्ट्रेशन

पालतू जानवरों के रजिस्ट्रेशन के लिए लोगों को जेएनएसी का ऑफिस नहीं आना पड़े इसके लिए जेएनएसी ऑनलाइन पोर्टल तैयार करा रही है। स्पेशल ऑफिसर संजय कुमार ने बताया कि जानवरों के रजिस्ट्रेशन के लिए जेएनएसी में अलग से सेल भी बनाया जाएगा, जहां लोग कुत्ता, बिल्ली, बकरी, घोड़ा, गाय, बैल, भैंस, ऊंट, हाथी आदि जानवर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।

बायलॉज में है जिक्र

जेएनएसी के बायलॉज में जिक्र है कि उसे अपने इलाके के पालतू जानवरों का रजिस्ट्रेशन करना है, पर इतने सालों से इसपर जेएनएसी की आंखें नहीं खुली थी। अब जेएनएसी ने जमशेदपुर के पालतु जानवरों के रजिस्ट्रेशन पर काम शुरू कर दिया है। इससे जेएनएसी को ये पता रहेगा कि उसके इलाके में कितने पालतू जानवर हैं।

कुत्तों के ज्यादा शौकीन

शहर मे ज्यादातर लोग कुत्ता पालते हैं। जमशेदपुर में कुल पालतू कुत्तों की संख्या 4500 है। कभी-कभी लोग अपने पालतू कुत्तों को रेबीज इंजेक्शन नहीं लगवाते हैं। इससे इन कुत्तों के काटने से शहर में रेबीज फैलने की आशंका बनी रहती है। जेएनएसी अपने रजिस्टर्ड पालतू कुत्तों का पूरा ब्योरा रखेगी कि उसे इंजेक्शन लगाया गया है या नहीं।

रजिस्ट्रेशन की ऑनलाइन होगा। इसके लिए पोर्टल तैयार किया जा रहा है। पालतू जानवरों को जेएनएसी में रजिस्टर्ड कराना जरूरी होगा। इसके लिए जल्द ही आदेश निर्गत हो जाएगा। पेट्स के मालिकों से मामूली टैक्स भी वसूल किया जाएगा।

-संजय कुमार, स्पेशल ऑफिसर, जेएनएसी