-तीन माह में भू-नक्शा सॉफ्टवेयर पर अपलोड हो जाएंगे मेरठ के सभी नक्शे

एडीएम एफआर के निर्देशन में मंडल के सभी जनपदों के भू-नक्शों का हो रहा डिजिटलाइजेशन

I Special

Meerut: अब बस एक क्लिक और आपको, आपकी जमीन का नक्शा मिल जाएगा। न तहसील के चक्कर लगाने होंगे और न लेखपाल-अमीन को चढ़ावा चढ़ाना होगा। ई-गर्वनेंस की दिशा में केंद्र सरकार की 'भू-नक्शा' योजना मील का पत्थर साबित होगी। अगले तीन महीने में मेरठ के 703 गांवों के 1,045 नक्शे ऑनलाइन हो जाएंगे। एडीएम वित्त एवं राजस्व गौरव वर्मा को इस योजना का मंडलीय नोडल अधिकारी बनाया गया है। कलक्ट्रेट में मेरठ के अलावा बागपत, बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर जनपद के नक्शों का डिजिटलाइजेशन हो रहा है। योजना फिलहाल गांवों की जमीन के नक्शों को डिजिटल करने की है।

सूबे के सभी जनपदों में योजना

बोर्ड ऑफ रेवेन्यू के निर्देश पर प्रदेश के सभी जनपदों के भूलेख के नक्शों का डिजिटलाइजेशन हो रहा है। केंद्र सरकार से पोषित योजना का यूपी में पायलट प्रोजेक्ट 2013-14 में बनाया गया था। इसके तहत हापुड़ गाजियाबाद, जौनपुर समेत पांच जनपदों में भूलेखों के डिजिटलाइजेशन का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद प्रदेश के अन्य जनपदों में भी भूलेख के डिजिटलाइजेशन का काम आरंभ हो गया है। मेरठ मंडल के हापुड़ और गाजियाबाद के अलावा अन्य जनपदों में भू-नक्शों को वेबसाइट पर अपलोड किया जा रहा है।

यह है प्रक्रिया

मेरठ मंडल के नोडल अधिकारी/एडीएम एफआर गौरव वर्मा ने बताया कि कपड़े के नक्शों को रेवन्यू रिकार्ड से लाकर बड़े स्कैनर में स्कैन किया जा रहा है। हैदराबाद की कंपनी ट्राइकेग नक्शों को डिजिटल करने का काम कर रही है। मेरठ के अलावा कंपनी सहारनपुर और मुरादाबाद मंडल के जनपदों के नक्शों का डिजिटलाइजेशन करेगी। स्कैन किए हुए नक्शे को संबंधित क्षेत्र का लेखपाल क्रॉस चेक कर रहा है। करेक्शन के बाद भू-नक्शे का अपलोड किया जा रहा है। नक्शे में भूमि का खतरा-खतौनी स्पष्ट दर्ज होगा। मेरठ के सभी नक्शे स्कैन हो चुके हैं, क्रॉस चेक कर नक्शों को अपलोड कर दिया जाएगा। उन्होंने शुक्रवार को लापरवाही बरत रहे लेखपालों को जमकर हड़काया और कहा कि जल्द से जल्द क्रॉस चेकिंग का कार्य किया जाए। उन्होंने नक्शों को डिजिटलाइजेश कार्य का निरीक्षण भी किया।

इस वेबसाइट पर करें क्लिक

Www.bhulekh.up.nic.in

---

एक नजर

जनपद गांव नक्शे

मेरठ 703 1045

बागपत 315 530

बुलंदशहर 1255 1461

गौतमबुद्धनगर 399 597

कुल 2672 3633

---

भू-नक्शे अपलोड होने से गांवों की जनता को खासा लाभ मिलेगा। खरीद-फरोख्त के अलावा विभिन्न विवादों में राजस्व विभाग के चक्कर नहीं लगाने होंगे। मेरठ के 1045 नक्शों को अगले तीन माह में वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।

गौरव वर्मा, एडीएम एफआर