-शिवपाल सिंह बने गोड्डा के जिला एवं सत्र न्यायाधीश

-झारखंड हाई कोर्ट ने आठ जजों का किया तबादला

रांची : लालू प्रसाद को दो मामलो में सजा सुनाने वाले सीबीआइ के विशेष जज शिवपाल सिंह का तबादला कर दिया गया है। इनके अतिरिक्त सात अन्य जज भी बदले गए हैं। शिवपाल सिंह को गोड्डा का जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। शिवपाल सिंह ने लालू प्रसाद यादव को सजा सुनाने और कई आइएएस को चारा घोटाले मामले में आरोपित बनाने के लिए समन जारी किया था। जिसके बाद ये खासे चर्चा में आए थे। इन्होंने चारा घोटाले मामले में सजा पर टिप्पणी करने वालों को भी नोटिस जारी की थी, जिसमें लालू के पुत्र तेजस्वी यादव, रघुवंश प्रसाद सिंह, शिवानंद तिवारी व कांग्रेस के नेता मनीष तिवारी शामिल हैं। हालांकि हाई कोर्ट ने इस नोटिस को रद कर दिया है।

फोल्डर स्कैम की सुनवाई

शिवपाल सिंह ने चारा घोटाले के देवघर और दुमका कोषागार से अवैध निकासी के मामले में लालू प्रसाद सहित कई अन्य लोगों को सजा सुनाई है। इन्होंने लालू को सबसे ज्यादा 14 साल सजा दुमका कोषागार मामले में दी है। हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल अंबुज नाथ ने तबादले से संबंधित आदेश जारी किया है।

कई सिविल जज भी इधर-उधर (बॉक्स)

बोकारो के सिविल जज देवाशीष महापात्रा को दुमका, जमशेदपुर के सिविल जज दया राम को गोड्डा, तेनूघाट के सिविल जज राकेश कुमार का तबादला बोकारो किया गया है। दुमका के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी योगेश कुमार का तबादला हजारीबाग के सिविल जज के पद पर किया गया है।