- 1200 से अधिक ने किया आवेदन

- निगम प्रशासन करेगा फॉर्म निरस्त

आगरा। महंगाई और बेरोजगारी ने परिवारों को इतना मजबूर कर दिया है कि खेलने के दिनों में रोजगार करना मजबूरी हो गई है। ऐसा ही एक मामला नगर निगम में सामने आया है। नगर निगम में संविदा सफाई कर्मियों की भर्ती होनी है। इसके लिए 1200 से अधिक नाबालिग और बेरोजगारों ने आवेदन किया है। नगर निगम प्रशासन ऐसे फॉर्मो को निरस्त करेगा। इसकी सूची बकायदा नगर निगम की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।

वेबसाइट पर अपलोड होगी लिस्ट

नगर निगम में 1700 से अधिक संविदा सफाई कर्मियों की भर्ती होनी है। इसके लिए 63 हजार लोगों ने आवेदन किया है। इनकी कंप्यूटर में फीडिंग की गई, तो नाबालिगों के हजार से अधिक फॉर्म मिले। इसे नगर निगम प्रशासन ने मुश्किल में डाल दिया। निगम प्रशासन ने नियमों (बाल श्रम) को देखते हुए ऐसे फॉर्मो को निरस्त करने का निर्णय लिया है। इसे बहुत जल्दी है वेबसाइट में अपलोड कर दिया जाएगा, जिससे लोगों को असुविधा नहीं हो।

भर्ती परीक्षा पर मंथन

नगर निगम अधिकारी सफाई कर्मियों की भर्ती का चयन किस प्रक्रिया से किया जाए? इसका रास्ता निकाल रहे हैं। इसकी बैठक नगर निगम आयुक्त की अध्यक्षता में होनी है। उनके निर्णय के बाद परीक्षा का प्रारूप तय कर लिया जाएगा और कॉल लेटर भेज दिए जाएंगे। इस भर्ती में आरक्षण का रोस्टर लागू रहेगा।