- उपचुनाव में सपा-बसपा के गठबंधन पर मुख्यमंत्री योगी ने किया तंज

- स्टेट गेस्ट हाउस कांड और स्मारक ध्वस्त करने की चेतावनी की दिलाई याद

- पूर्वोत्तर में जीत का श्रेय पीएम मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को दिया

LUCKNOW :पूर्वोत्तर राज्यों में भाजपा को मिली भारी जीत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पत्रकारों से मुखातिब हुए तो चौबीस घंटे पहले परवान चढ़े सपा-बसपा गठबंधन पर सवालों की बौछार शुरू हो गयी। पहले तो मुख्यमंत्री ने इसे टालना चाहा पर पत्रकारों के बार-बार कुरेदने पर रहीम का दोहा सुनाकर तंज कसा 'कह रहीम कैसे निभे, केर-बेर का संग'। इसकी व्याख्या करने पर बोले कि स्टेट गेस्ट हाउस कांड और महापुरुषों के नाम पर बने स्मारकों को तोड़ने की चेतावनी देने वाले कौन लोग थे, यह भी याद रहना चाहिए। दावा किया कि फूलपुर और गोरखपुर के उपचुनाव ही नहीं, भाजपा आगे आने वाले सारे चुनाव भारी बहुमत से जीतेगी।

राहुल की ताजपोशी हमारे लिए अनुकूल

सीएम ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि उनकी ताजपोशी होना हमारे लिए अनुकूल है। वह पार्टी के लिए कितने उपयोगी हैं, यह कांग्रेस के नेताओं को सोचना होगा। उनके उपाध्यक्ष रहते पार्टी दस राज्यों में चुनाव हारी, अध्यक्ष बनने पर पांच राज्यों में शिकस्त का सामना करना पड़ा। यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। पूर्वोत्तर के तीन राज्यों में भाजपा को मिली सफलता से उत्साहित योगी ने कहा कि जल्द ही बाकी चार राज्यों केरल, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा में भी केसरिया लहराने जा रहा है क्योंकि यह विकास का पर्याय बन चुका है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक और कच्छ से कोहिमा तक केसरिया पताका फहरा रही है। त्रिपुरा, नागालैंड व मेघालय मे भाजपा व सहयोगी दलों की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह जी के मार्गदर्शन और कुशल नेतत्व को जाता है। इन राज्यों को केंद्रीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था। इस चुनाव से वामपंथ के झूठे दावों की पोल खुल चुकी है।

श्रीश्री से पुराने संबंध

वहीं राम मंदिर निर्माण को लेकर श्रीश्री रविशंकर से मुलाकात पर योगी ने कहा कि यूपी संभावनाओं का प्रदेश है। यहां हर तरह की बातें सामने आती हैं। श्रीश्री से मेरे पुराने संबंध हैं, वे जब भी यहां आते हैं तो मुलाकात होती है। इसे राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। स्वयंसेवी संगठन सरकार के साथ मिलकर अच्छा काम कर सकते हैं। वे किसी स्कूल, गांव के कल्याण के लिए काम करें तो सरकार को मदद मिलती है।

और मुस्करा दिए योगी

यह पूछे जाने पर कि जिन राज्यों में चुनाव होते हैं, वहां पर सबसे ज्यादा डिमांड आपकी रहती है, योगी ने मुस्करा कर कहा कि पार्टी जहां कहती है, वहां जाना पड़ता है। पार्टी ने मुझ जैसे सामान्य कार्यकर्ता को सबसे बड़े प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी है।

भाजपा कार्यकर्ता खरा सोना

भाजपा कार्यकर्ताओं के असंतुष्ट होने को लेकर पूछे गये सवाल के जवाब में योगी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता खरा सोना है। वह सपा-बसपा के कार्यकर्ताओं की तरह नहीं है जो थाना और तहसील में जाकर दबाव बनाये। अगर भाजपा का कार्यकर्ता असंतुष्ट होता तो निकाय और उप चुनाव में जीत नहीं होती।