पखवाड़े भर बाद तीन दिन से ठंड के यू-टर्न से गर्म कपड़ों का लिफाफा बने लोग

pratapgarh@inext.co.in PRATAPGARH ( 2 Jan): पखवाड़े भर बाद तीन दिन से ठंड के यू टर्न लेने से जिला कांप रहा है। शुक्रवार की रात खेत की सिंचाई कर रहे अधेड़ को ठंड ने दबोच लिया। उसकी खराब हालत देख परिजन अस्पताल जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी बीच उसकी मौत हो गई। अधेड़ की मौत से परिजनों में कोहराम है। ठंड का असर दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। सारा दिन जिले में कोहरे का असर रहा। लोग गर्म कपड़ों में लिपटे रहे।

कोहरे की चादर ओढ़ कर लौटी ठंड से जिले हिल रहा है। जेठवारा थाना क्षेत्र के सरायभूपत गांव निवासी लाल पाल (55) शुक्रवार की रात सिंचाई करने के लिए खेत में पानी लगाने गया था। खेत सीचते समय उसे ठंड लग गई। परिजान उसे घर ले गए जहां घर में ही उसकी मौत हो गई।

रजाई में दुबके रहे लोग

अचानक पड़े कोहरे ने शनिवार को लोगों के दिनचर्या बदल दिया। कोहरे व ठंड के बीच बच्चे कांपते हुए जहां स्कूल पहुंचे वहीं ज्यादातर लोग दोपहर तक बिस्तरों में दुबके रहे। इस ठंड में चाय की दुकानों पर बनी भट्ठियों पर खूब भीड़ दिखी। इसके अलावा शहर में जिधर भी अलाव दिखा तो लोगों के पांव वहीं पर जम गए। लगातार दूसरे दिन भी बेल्हा में कोहरे की चादर तनी रही। शुक्रवार की रात से ही कोहरा पड़ने लगा था। शनिवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा।

ठंड से ठंडा पड़ा व्यापार

कोहरे के ठंड बढ़ गई थी। स्कूल खुले होने के कारण बच्चे गर्म कपड़ों में कंपकंपाते हुई रिक्शे, साइकिल से स्कूल के लिए निकल पड़े। कोहरे के कारण दिन में लगभग 11 बजे तक बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। अधिकांश लोग घरों में रजाई में दुबके रहे। दोपहर के वक्त तीखी धूप निकली तो लोगों ने राहत महसूस किया। बाजार में भी चहलकदमी बढ़ गई थी।