- नाप जोख के दौरान कानूनगो पर धक्का देने का आरोप

-तहरीर देने के बावजूद पुलिस ने दर्ज नहीं किया मामला

KORAON (27 June, JNN): कोरांव थाना क्षेत्र अंतर्गत खजुरी खुर्द गांव में शनिवार की दोपहर चकबंदी के दौरान एक किसान की मौत हो गई। किसान के बेटे ने कानूनगो पर पिता को धक्का मारकर गिराने का आरोप लगाया है, जिससे उसकी जान चली गई। अप्रत्याशित घटना के बाद राजस्व टीम मौके से भाग निकली। सूचना पाकर एसडीएम और एसओ गांव पहुंचे। एसडीएम ने मृतक के परिजनों को प्रदेश सरकार से मदद दिलाने का आश्वासन दिया है। मृतक के पुत्र ने कानूनगो और लेखपाल के खिलाफ तहरीर दी है। देर शाम तक मामला दर्ज नहीं हुआ था।

चक में बदलाव को लेकर हुआ विवाद

खजुरी खुर्द गांव में चकबंदी चल रही है। शनिवार को कानूनगो राम खेलावन और लेखपाल श्यामलाल वर्मा कर्मचारियों के साथ जमीन की नापजोख के लिए पहुंचे थे। उन्होंने रामराज निषाद (भ्भ्) के खेत की नाप की। इस दौरान कानूनगो ने रामराज से कहा कि उनका चक अब यहां नहीं है, गांव के बाहर नाले के पास उनका चक बनाया गया है। यह सुनते ही किसान रामराज दंग रह गए। उन्होंने कहा कि खेत में उन्होंने मकान, कुआं और बाग बना रखा है। करीब ब्0 वर्ष से यहीं रह रहे हैं। इसलिए यह खेत छोड़कर नहीं जाएंगे। इसी बीत पर विवाद हुआ तो कानूनगो ने धक्का दे दिया, जिससे रामराज जमीन पर गिर गए।

हो चुकी थी किसान की मौत

घटना के बाद लेखपाल और कानूनगो किसान के बेटे राजेश और रामअनंत को कुछ दूर ले जाकर बात करने लगे। करीब पांच मिनट बाद राजेश अपने पिता को जमीन से उठाने पहुंचा तो देखा कि रामराज की मौत हो चुकी है। जिससे वहां रोना-पीटना मच गया। मौत की जानकारी होते ही लेखपाल, कानूनगो और अन्य कर्मचारी भाग निकले। सूचना पाकर एसडीएम सुनील कुमार मिश्र व एसओ उदयवीर सिंह मौके पर पहुंचे। राजेश ने पुलिस को लेखपाल और कानूनगो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। एसडीएम सुनील कुमार मिश्र का कहना है कि रामराज की मौत धक्का देने से हुई या फिर कोई और वजह थी, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।