महान सिंह सहित आधा दर्जन उपद्रवी भेजे गए जेल, पुलिस ने की कांबिंग

ALLAHABAD: घूरपुर थाना क्षेत्र के करमा बाजार में पुवाल चोरी मामले को लेकर शुक्रवार को हुए बवाल के दूसरे दिन शनिवार को भी करमा बाजार छावनी बना रहा। एसपी यमुनापार दीपेन्द्र चौधरी पुलिस बल के साथ पीएसी और आरएएफ जवानों के साथ तैनात रहे। इस दौरान महान सिंह सहित छह लोगों को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। पुलिस पर पथराव, तोड़फोड़ व आगजनी के आरोप में 15 उपद्रवियों के खिलाफ नामजद व डेढ़ सौ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।

गुरुवार की शाम पुवाल चोरी के मामले में शुक्रवार की सुबह दो पक्षों में हुए बवाल के बाद घंटों रास्ताजाम किया गया था। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस टीम पर पथराव कर बवाल काटा था। कई अधिकारी व पुलिसकर्मी जख्मी हुए थे। शनिवार को एसपी यमुनापार दीपेंद्र चौधरी, एडीएम प्रशासन महेंद्र राय करमा में मौजूद रहे। पुलिस टीम पर पथराव के लिए उकसाने वाले आरोपी महान सिंह सहित धर्मेद्र पटेल को चाकू मारकर घायल करने के आरोपियों वसीम, नदीम, साहेब आलम, नूरे आलम, गुलशेर को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया।

महान सिंह समेत छह लोगों को जेल भेज गया है। पूरे दिन क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही। 150 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

दीपेन्द्र चौधरी, एसपी यमुनापार