- पति की लंबी उम्र के लिए सुहागिनों ने रखा करवा चौथ का व्रत

GORAKHPUR: करवाचौथ पर शहर में उत्साह सा माहौल रहा। महिलाएं अपने सुहाग के लिए दिनभर व्रत रहीं। रात में चांद निकला तो व्रती महिलाओं ने चलनी में चांद संग पति का दीदार किया। इसके बाद पतियों ने अपनी व्रती पत्‍ि‌नयों को अपने हाथ से पानी पिलाकर और खीर आदि खिलाकर पारन कराया। इसके साथ ही महिलाओं ने करवाचौथ का पूजन किया। इस दौरान महिलाओं ने करवाचौथ की कथा सुनी। कई जगहों पर तो महिलाओं ने समूह में भी पूजन किया।

चांद निकलने का इंतजार

व्रती महिलाओं को शाम होते ही चांद निकलने का बेसब्री से इंतजार रहा। इस दौरान सभी महिलाएं बार-बार आसमान की ओर निहारती रहीं। चांद निकलते ही व्रती महिलाओं ने चलनी में पहले चांद को देखा और इसके बाद पति के चेहरे का दीदार किया। इस दौरान निर्जल व्रत रखने के बाद भी महिलाओं में काफी उत्साह देखने को मिला। तरह-तरह के पकवान बनाने के साथ ही महिलाओं में सजने-संवरने को लेकर भी काफी उत्साह रहा।

पुरुषों का भी मिला साथ

व्रती महिलाओं को पुरुषों का भी साथ मिला। पतियों ने उनका ख्याल रखा। रविवार होने के कारण ऑफिसेज बंद रहे। इससे पति भी फ्री थे। कई पतियों ने पत्‍‌नी का साथ देने के लिए व्रत भी साथ-साथ रखा। शास्त्रीनगर के रहने वाले विशाल ने बताया कि वे सिर्फ इस बार ही नहीं बल्कि बीते कई साल से करवाचौथ के दिन अपनी पत्‍‌नी के लिए व्रत रख रहे हैं। विशाल ने कहा कि अगर पत्‍‌नी मेरे लिए व्रत रख सकती हैं तो क्या मैं उनके लिए नहीं रख सकता? वहीं उन महिलाओं के लिए इस बार का करवाचौथ बेहद खास रहा, जिन्होंने पहली बार इस व्रत को अपने पतियों के लिए रखा। सुबह से ही महिलाएं इसके लिए सजती-संवरती रहीं और रात में चांद निकलने के बाद पति का चेहरा देखकर व्रत तोड़ा।