कायस्थ समाज के लोगों ने धूमधाम से मनाई गई चित्रगुप्त जयंती

चित्रगुप्त मंदिरों में किया गया सामूहिक कलम-दवात पूजन

केपी कम्युनिटी सेंटर के सभागार में सम्मानित किए गए समाज के मेधावी

ALLAHABAD: कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया मंगलवार को भगवान चित्रगुप्त जयंती धूमधाम से मनाई गई। शहर के चित्रगुप्त मंदिरों में कायस्थ समाज के लोगों ने विधि-विधान से भगवान चित्रगुप्त और कलम-दवात की पूजा सामूहिक रुप से की। जबकि एशिया के सबसे बड़े शैक्षणिक ट्रस्ट कायस्थ पाठशाला की ओर से 100 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया।

केपी इंटर कालेज परिसर स्थित चित्रगुप्त मंदिर में कायस्थ समाज के लोगों ने सामूहिक रुप से कलम-दवात पूजन और हवन किया। मुख्य यजमान वरिष्ठ मंडल प्रबंधक पंकज सक्सेना रहे। कायस्थ पाठशाला के अध्यक्ष चौधरी राघवेन्द्र नाथ सिंह ने मुख्य यजमान को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। सामूहिक पूजन में डॉ। केपी श्रीवास्तव, आरएस वर्मा, रिटायर्ड आईएएस एसडी कौटिल्य व हनुमान प्रसाद श्रीवास्तव उपस्थित थे।

शाम को केपी कम्युनिटी सेंटर के सभागार में मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति राजेश दयाल खरे ने सीबीएसई, आईसीएसई के हाईस्कूल व इंटर और यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में 60 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले मेधावियों को स्मृति चिन्ह व प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया। न्यायमूर्ति राजेश दयाल खरे ने मेधावियों को आर्शीवचन देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। इस मौके पर रवि श्रीवास्तव, विजय कृष्ण श्रीवास्तव, कुलदीप नारायण श्रीवास्तव, राजीव सिन्हा, जयंत श्रीवास्तव सहित समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।

अखिल भारतीय कायस्थ महासभा युवा प्रकोष्ठ के झलवा स्थित कार्यालय में सामूहिक रुप से कलम-दवात व चित्रगुप्त पूजा की गई। पदाधिकारियों ने अपने आराध्य भगवान के तैल चित्र पर माल्यार्पण कर देशी घी के 21 दिए जलाएं। साथ ही मानव कल्याण के लिए हवन किया गया। मुख्य यजमान बीएसपी नेता अमित श्रीवास्तव रहे। महासभा के महासचिव सुमित श्रीवास्तव ने समुदाय से आपस में कटुता छोड़कर मेलजोल बढ़ाने की अपील की।

श्री चित्रगुप्त मंदिर सभा की ओर से मुट्ठीगंज स्थित भगवान चित्रगुप्त मंदिर में हवन व पूजन किया गया। सभा के पदाधिकारियों ने समाज की उन्नति की कामना की। शिवकुटी में समाज के लोगों ने चित्रगुप्त महाराज का पूजन किया। बीबीएस कान्वेंट स्कूल के संरक्षक बिजेन्द्र बिहारी सहाय ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किया। चित्रगुप्त वंशज सभा के अध्यक्ष हर प्रकाश श्रीवास्तव ने आगामी चुनाव में एकजुट होकर किसी एक राजनीतिक दल को मत देने की अपील की। इस मौके पर सभा के सचिव अरुण श्रीवास्तव, विनोद श्रीवास्तव, अमित श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। श्री चित्रगुप्त वंशज कल्याण समिति दारागंज की ओर से कलम-दवात पूजन किया गया। समिति के अध्यक्ष कमलेश चंद्र श्रीवास्तव की अगुवाई में लोगों ने भगवान चित्रगुप्त की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। इस दौरान आयोजित लेखन, निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को मुख्य अतिथि केके श्रीवास्तव ने पुरस्कृत किया। युवा कवि विष्णु दयाल श्रीवास्तव, ललित मोहन श्रीवास्तव, सुधीर सिन्हा आदि मौजूद रहे।