-कांवडि़ए उमरिया सैदपुर के रूट से कांवड़ ले जाने पर अड़े

-प्रशासन ने दूसरे दिन भी नहीं जाने दिया, विधायक नजरबंद

BAREILLY: खजुरिया ब्रहम्नान के कांवडि़यों का दूसरे दिन भी मंदिर पर धरना जारी है। सोमवार को पूरे दिन शांति रही लेकिन तनाव अभी भी बरकरार है। कांवडि़ए अभी जल लेने नहीं गए हैं। प्रशासन उमरिया सैदपुर के विवादित रूट से कांवड़ न जाने देने के फैसले पर अड़ा हुआ है। कुछ संगठन भी कांवडि़यों के सपोर्ट में आ गए हैं और अनिश्चित कालीन धरने पर बैठने का ऐलान किया है। वहीं संडे की तरह ही मंडे को भारी संख्या में फोर्स तैनात रही। एसपी क्राइम समेत अन्य पुलिस-प्रशासन के अधिकारी डेरा डाले हुए हैं। कांवडि़ए विधायक के आदेश का इंतजार कर रहे हैं तो विधायक को पुलिस ने भरतौल स्थित कार्यालय पर नजरबंद कर रखा है।

कांवडि़यों ने सुबह की पूजा

खजुरिया ब्रहम्नान के मंदिर पर दोबारा संडे रात कांवडि़ए इकट्ठा हो गए थे और डीजे बजना शुरू हो गया था। जिसके चलते फोर्स को हटाया नहीं गया था। उसके बाद रात में कुछ कांवडि़यों की संख्या कम हो गई लेकिन सुबह फिर से उनकी संख्या में इजाफा हो गया। सभी उमरिया के रास्ते से ही जाने की जिद पर अड़े हुए हैं। सभी कांवडि़यों ने मंदिर में पूजा पाठ भी की लेकिन जल कछला से ही लाने की बात कह रहे हैं लेकिन डीएम के आदेश के तहत पुलिस उन्हें जाने नहीं दे रही है। वहीं विधायक फोन पर तो निर्देश दे रहे हैं लेकिन वह रविवार सुबह से ही नजरबंद हैं। सोमवार रात में भी जत्थेदार किशनलाल का कहना है कि विधायक जी कहेंगे तो वह वापस लौट जाएंगे।

काफी लंबा है विवादित रूट

खजुरिया ब्रहम्नान के कांवडि़ये सोमवार को कछला जल लेने जाने वाले थे। कांवडि़ए उमरिया सैदपुर के रास्ते से जाना चाहते हैं लेकिन इस रूट पर दूसरे समुदाय की घनी आबादी है और रूट भी काफी लंबा है। यहां के लोगों ने इस रूट पर जाने का विरोध किया है। जिसकी वजह से प्रशासन ने रूट से जाने से साफ इनकार कर दिया। स्थानीय विधायक पप्पू भरतौल ने इसी रास्ते से जाने का ऐलान कर दिया था और शनिवार रात तक प्रशासन के साथ मीटिंग्स का दौर जारी था। सांसद और संघ के लोग भी विधायक के समर्थन में आ गए थे लेकिन बाद में बैकफुट पर चले गए थे। जिसके बाद पुलिस ने फोर्स का इंतजाम कर दिया था।

6 प्वाइंट पर तैनात है फोर्स

कांवडि़ए विवादित रूट से न जाएं, इसके लिए खजुरिया में भारी फोर्स तैनात की गई है। खुजरिया, उमरिया के रास्तों पर 6 प्वाइंट पर फोर्स तैनात की गई है। संडे सुबह से ही कांवडि़यों जाने की जिद पर अड़े हैं और फोर्स से इसको लेकर कई बार नोकझोंक भी हुई थी। वहीं विधायक पप्पू भरतौल मौके पर न जाएं, इसके लिए उन्हें भी रविवार सुबह से ही नजर बंद किया गया है। शाम को कुर्सियां मांगने पर प्रशासन ने सख्त रुख इख्तियार कर कांवडि़यों को हटा दिया था लेकिन उसके बाद फिर से कांवडि़ए वापस आ गए थे।

आज से कलेक्ट्रेट पर धरना

खजुरिया के कांवडि़यों के समर्थन में विश्व हिंदू परिषद और हिंदू जागरण मंच साथ आ गया है। दोनों संगठनों ने ट्यूजडे से कलेक्ट्रेट गेट पर धरना देने का ऐलान किया है। इस संबंध में डीएम और एलआईयू को जानकारी भी पहुंचा दी गई हैं। वीएचपी के अध्यक्ष पवन अरोड़ा ने बताया कि जब तक कांवडि़यों को उमरिया के रास्ते से जल लेने नहीं दिया जाता और कांवडि़ए वापस आकर जलाभिषेक नहीं कर लेते तब तक धरना जारी रहेगा। धरना सुबह 11 बजे से होगा और इसमें करीब 200 लोगों के शामिल होने का अनुमान है।

सोशल साइट पर उगला जा रहा जहर

खजुरिया और उमरिया को लेकर टेंशन सोशल साइट्स पर भी बढ़ गई है। सोशल साइट्स पर दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे को लेकर आपत्तिनजक कमेंट कर रहे हैं। विधायक को लेकर भी पोस्ट डाली जा रही हैं। व्हाट्सएप पर विवादित मैसेज वायरल किया जा रहा है। यूपी पुलिस के ट्विटर अकाउंट पर भी इसको लेकर शिकायतें हो रही हैं। इसको लेकर पुलिस पूरी नजर रखी हुई है।