-डीएम से मिले विधायक पप्पू भरतौल, टेंशन बढ़ी

BAREILLY: खजुरिया से ताजिया निकलने की टेंशन लगातार बढ़ती जा रही है। अब पुलिस-प्रशासन के पास विवाद सुलझाने के लिए सिर्फ एक दिन बचा है। खजुरिया के लोग ताजिये निकालने का विरोध कर रहे हैं तो दूसरा पक्ष इसी रूट से जुलूस निकालने पर अड़े हैं। इसमें स्थानीय विधायक पप्पू भरतौल की भी अहम भूमिका है। ऐसे में पुलिस-प्रशासन विधायक के लगातार संपर्क में है। वेडनसडे को भी विधायक पप्पू भरतौल रात में डीएम के आवास पर मिलने पहुंचे। यहां पर विवाद को सुलझाने को लेकर चर्चा हुई। हालांकि, विधायक कह रहे हैं वह सिर्फ चाय पीने गए थे, बाकी सब अच्छे से होगा। एक दिन पहले ही विधायक एडीजी से मिले थे।

कांवड़ यात्रा से चल रहा विवाद

खजुरिया में विवाद कांवड़ यात्रा से ही चल रहा है। यहां के लोगों की कांवड़ यात्रा को उमरिया सैदपुर के दूसरे पक्ष के लोगों ने रोक दिया था। दो बार कांवड़ यात्रा रोकने के बाद दोनों पक्ष आमने सामने आ गए थे, जिसके बाद नकटिया में विवाद भी हो गया था। कांवड़ यात्रा न निकलने पर लोगों ने साफ कह दिया था कि मोहर्रम में ताजिया नहीं निकलने देंगे, जिसको लेकर विरोध शुरू हो गया है। दूसरा पक्ष पुराने रूट से ही ताजिया निकालने की बात कह रहा है। पुलिस प्रशासन भी इसी रूट से ताजिया निकलवाना चाहता है लेकिन खजुरिया गांव के लोग इसका विरोध कर रहे हैं। खजुरिया से कलारी, चंद्रपुर और डोहरिया के ताजिए निकलेंगे। वेडनसडे शाम को कलारी के ताजिए उठ गए हैं जो 21 सितंबर को उमरिया सैदपुर में पहुंचेगे।

खुराफातियों पर लगेगी एनएसए

वहीं पुलिस-प्रशासन का कहना है कि यदि कोई खुराफात हुई तो इस बार एनएसए की भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इसके लिए पूरी तैयारी भी कर रही है। इससे पहले ही पुलिस करीब 2000 लोगों पर गुंडा, 110 जी और 1077/116 के तहत कार्रवाई कर चुकी है। पुलिस ने विवाद में दोनों पक्षों पर एफआईआर भी दर्ज की थी, लेकिन किसी की गिरफ्तारी नहीं की थी।