RANCHI: अरगोड़ा थाना क्षेत्र से दो भाइयों के दिनदहाड़े अपहरण से इलाके में सनसनी फैल गई। संजीत कुमार सिंह और आदित्य सिंह को उनके मकान मालिक द्वारा ही गुरुवार की सुबह किडनैप किए जाने का आरोप लगा है।

फोन लोकेशन से धराए

मामले की जानकारी मिलते ही अरगोड़ा थाना प्रभारी वेंकटेश कुमार तफ्तीश में जुट गए। कॉल डिटेल के आधार पर अपहृत दोनों भाइयों का लोकेशन रांची के नगड़ी में मिला। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फोन लोकेशन के आधार पर दोनों भाइयों को नगड़ी इलाके से सुरक्षित बरामद कर लिया। वहीं इस मामले में पुलिस ने तीन अपराधियों को भी हिरासत में लिया है।

क्या कहते हैं परिजन

आदित्य और संजीत के रिश्तेदारों ने बताया कि शनिवार की सुबह आठ बजे एक का घर से और दूसरे का उसके कार्यालय से अपहरण कर लिया गया। दोनों के साथ जंगल में ले जाकर मारपीट भी की गई। मामला पुलिस के पास पहुंचा तो उन लोगों ने मदद की और दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया।

आरोपियों से पूछताछ

फिलहाल, रांची पुलिस आरोपियों से थाने में पूछताछ कर रही है। पूरा मामला अपहरण का है या किसी विवाद को लेकर घटना हुई है। इसकी जांच पुलिस कर रही है। इसे लेकर हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ हो रही है।