- ठाकुरगंज के गढ़ी पीर खां स्थित मैदान में क्षत-विक्षत हालत में पड़ मिला शव

- बच्चे के पिता, बाबा-दादी, चाचा और ताई के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज

- मां के साथ शादी समारोह में शामिल होने गया था मासूम

- देररात समारोह स्थल से हुआ था लापता, पूरी रात तलाश करते रहे परिजन

LUCKNOW : ठाकुरगंज के गढ़ी पीर खां में तीन साल के मासूम ऋषभ की नृशंस हत्या कर दी गई। सुबह इलाके के मैदान में उसका क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक ऋषभ अपनी मां के साथ इसी मैदान के एक हिस्से में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिये गया था। जहां से वह देररात अचानक लापता हो गया था। परिजन उसे दूसरी जगहों पर पूरी रात तलाश करते रहे। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे के मौत गला घोंटने से होना पाया गया। उसके सिर में भी चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मां की तहरीर पर मृतक बच्चे के पिता, बाबा-दादी, चाचा और ताई के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है।

जयमाल के दौरान हुआ गायब

एएसपी पश्चिमी विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक, चौक मिर्जा मंडी निवासी खुशबू अपने तीन साल के बेटे ऋषभ के साथ शुक्रवार को गढ़ी पीर खां निवासी बड़ी बहन सोनी से मिलने गई थीं। सोनी के पड़ोसी विनोद की बेटी की शादी थी। खुशबू भी बेटे ऋषभ को साथ लेकर बड़ी बहन सोनी, जीजा रज्जन उनके दो बच्चों के साथ घर के पीछे स्थित राजा के खेत नामक मैदान में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिये चली गई। रात करीब 11.30 बजे पंडाल में जयमाल कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान अचानक ऋषभ लापता हो गया।

बच्चों ने देखा शव

खुशबू के मुताबिक, ऋषभ के गायब होने पर वह और अन्य परिजन पूरी रात उसे मैदान व दूसरी जगहों पर तलाशते रहे। लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं लग सका। इधर, शनिवार सुबह करीब 5 बजे बच्चे मैदान में खेलने पहुंचे तो वहां ऋषभ की लाश औधे मुंह पड़ी मिली। यह देख बच्चों ने शोर मचाया। शोर सुनकर वहां आसपास के लोग जुट आए। इसी बीच वहां पर खुशबू, बहन सोनी और जीजा रज्जन भी पहुंच गए। उन्होंने मृतक की शिनाख्त ऋषभ के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, खुशबू का उसके पति व ससुरालीजनों से विवाद चल रहा है। उसने करीब तीन महीने पहले पति संतोष व ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की एफआईआर दर्ज कराई। एएसपी त्रिपाठी ने बताया कि खुशबू ने पति व ससुरालीजनों पर बच्चे की हत्या का शक जताते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। अब पुलिस बीती रात से सुबह तक आरोपियों की लोकेशन की जांच कर रही है।

कहीं और की हत्या

ऋषभ के गायब होने के बाद परिवारीजनों ने उसे मैदान व आसपास के इलाकों में पूरी रात उसे तलाशा। लेकिन, रात में शव वहां मौजूद नहीं था। खुशबू ने भी बताया कि जिस जगह शव बरामद हुआ वहां पर वह खुद बेटे को तलाशते हुए कई बार पहुंची लेकिन, वह नहीं मिला था। इस बयान के बाद पुलिस को शक है कि ऋषभ को अगवा करने के बाद हमलावर उसे कहीं और ले गए और उसकी हत्या करने के बाद शव को मैदान में लाकर फेंक दिया।

शक में फाड़ दिया था शादी का एलबम

खुशबू ने बिलखते हुए बताया कि शादी के बाद से उसका पति संतोष उस पर शक करता था। जबकि, सास कामिनी भी उस पर गलत आरोप लगाती थी। ऋषभ का जन्म होने पर सास कामिनी ने बच्चे को संतोष का होने से ही इंकार कर दिया था। वह आरोप लगाती थी यह बेटा किसी और का है। खुशबू ने बताया कि पति संतोष उसका पीछा करता था। वह जब मायके आती तो अक्सर मिर्जा मंडी के पास घूमता रहता था। कुछ दिन पहले संतोष ने शादी का एलबम और बच्चे की फोटो फाड़कर एक कपड़े में बांधा और उसे उसके मायके के पास फेंक गया था।

वीडियो से सुराग तलाशने में जुटी पुलिस

एएसपी त्रिपाठी ने बताया कि शादी समारोह में वीडियो कवरेज की गई थी। इस कवरेज की पड़ताल के लिये वीडियोग्राफर को बुलाया गया है। फुटेज देखकर पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि समारोह में ऋषभ किस-किस के साथ दिख रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि वीडियो फुटेज में यह भी पता चल सकता है कि ऋषभ किसके साथ कार्यक्रम स्थल से बाहर निकला था।

कुत्तों ने नोचा शव

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार सुबह जब बच्चे खेलने के लिये मैदान में पहुंचे तो वहां पर कुत्ते बच्चे का शव नोच रहे थे। यह देख बच्चे शोर मचाते हुए वहां से भाग निकले। शोर सुनकर बच्चे वहां से भाग निकले। जबकि, वहां पहुंचे लोगों ने लाठी-डंडो के जरिए कुत्तों को भगाया। लेकिन, तब तक कुत्तों ने बच्चे का बाये पैर का मांस नोच लिया था और उसकी पैर की हड्डी दिखने लगी थी।