डॉक्टर के पास लोग अपने मर्ज की दवा के लिए जाते हैं। बीमारी का इलाज कराने जाते हैं। पर, यहां उलटा हुआ है। इस डॉक्टर साहब ने अच्छे-खासे पेशेंट की किडनी निकाल ली। किडनी निकालने का यह सनसनीखेज मामला जब सामने आया, तब हड़कंप मच गया। कंकड़बाग निवासी अरविन्द कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि डॉक्टर उसे प्रोस्टेट का ऑपरेशन करने ओटी ले गए, इस दौरान उनके प्रोस्टेट के साथ लेफ्ट किडनी भी निकाल ली गयी।

आरएस यूरोलॉजी इंस्टीच्यूट एण्ड किडनी सेंटर

ऑपरेशन बोरिंग कैनाल रोड के आरएस यूरोलॉजी इंस्टीच्यूट एण्ड किडनी सेंटर में डॉ रणबीर प्रसाद सिंह ने किया था। पेट में दो जगहों पर कटे का निशान होने के कारण अरविन्द सिंह और उनके घरवालों को शक हुआ, लेकिन वे इसे नजरअंदाज कर गए। बाद में तकलीफ बढऩे पर एक डॉक्टर ने जब पहले का पुर्जा देखा, तब मामले का खुलासा हुआ।

26 अगस्त को हुआ था ऑपरेशन

अरविन्द कुमार सिंह के बेटे ने बताया कि 26 अगस्त 2011 को ऑपरेशन करवाया था। उसके दो दिन बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। बाद में जब कमजोरी होने लगी, तब एक परिचित डॉक्टर के पास प्रिस्क्रिप्शन लेकर गए। वहां डॉक्टर ने कहा कि इनकी तो किडनी भी निकाली गयी है। अरविन्द ने बताया कि यह सुनकर मैं चौंक पड़ा। इसकी हमलोगों को जानकारी नहीं थी, लेकिन ऑपरेशन के बाद मिले पुर्जे पर लिखा था।

मैं बिलकुल ठीक था

अरविन्द सिंह पहले से आधा हो चुके हैं। वे कहते है कि मुझे जो देखता है, वह आश्चर्यचकित हो जाता है। मेरी हेल्थ में इतनी गिरावट आ गयी कि जांच करवानी पड़ी। जिस दिन ऑपरेशन हुआ, उस दिन तो मेरी सारी रिपोर्ट नॉर्मल थी। यहां तक कि क्रिटनिन लेवल भी .12 ही था। बावजूद इसके मेरा ऑपरेशन यह कहकर किया गया कि सिर्फ प्रोस्टेट का ऑपरेशन करना है। हालांकि ना तो कोई रिस्क बॉन्ड ही भरवाया गया।

मेरी किडनी ठीक थी

अरविन्द कुमार सिंह का कहना है कि उनकी लेफ्ट किडनी ठीक से काम कर रही थी। एक जुलाई 2011 को लखनऊ के सुविधा डायग्नोस्टिक में टेस्ट करवाया था, तो किडनी नॉर्मल बताया गया था। इस संबंध में 8 दिसम्बर को कांड संख्या 262/ 11 दर्ज किया गया है। दूसरी ओर, डॉक्टर की ओर से पुलिस को बताया गया है कि उनकी किडनी खराब थी, इसलिए निकाली गई। जब डॉक्टर रणधीर प्रसाद सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उनके क्लीनिक से जानकारी मिली कि वे बाहर गए हैं और दो दिन बाद बात हो पाएगी।