- मुंबई से युवक संग भागकर आई थी विवाहिता

- बच्चों के आंसू देख पिघला मां का दिल, प्रेमी को छोड़ पहले पति के साथ गई

KAUSHAMBI (JNN):

प्रेम पर ममता भारी होती है। इसका जीता-जागता उदाहरण बुधवार को देखने को मिला, जब एक विवाहिता का दिल अपने बच्चों के आंसू देख पसीज गया और वह अपने दूसरे पति को छोड़कर पहले पति के साथ चली गई। एक साल पहले वह मुंबई से युवक संग फरार हो गई थी और बाद में उससे कोर्ट मैरिज कर ली थी। मामला सरायअकिल थाना क्षेत्र के लोधौरा गांव का है।

अनाथालय जाने की जिद पर अडे़ बच्चे

गोरखपुर निवासी एक दंपति मुंबई में रहकर मेहनत मजदूरी करता था। सराय अकिल थाना क्षेत्र के लोधौरा निवासी एक युवक भी वहीं पास में कमरा लेकर रहता था। लगभग एक साल पहले विवाहिता चार बच्चों व पति को छोड़कर युवक संग फरार हो गई। युवक उसे गांव ले आया और उससे कोर्ट मैरिज कर लिया। लगभग एक साल बाद पति चार बच्चों को लेकर लोधौरा आ गया। वह बच्चों का हवाला देकर पत्‍‌नी को साथ ले जाने की जिद करने लगा।

थाने ले आई पुलिस

पत्नी ने जाने से इंकार किया तो पति हंगामा करने लगा। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची सराय अकिल पुलिस दोनों पक्ष को थाने लाई। वहां चली पंचायत में विवाहिता ने पहले पति के साथ जाने से इंकार कर दिया। साथ ही बच्चों से भी नाता तोड़ने की बात कही। माता-पिता के बीच हुई इस लड़ाई को सुनने के बाद बच्चे दोनों के साथ जाने से इंकार करते हुए अनाथालय भेजे जाने की मांग करने लगे। उनका रोना देखकर विवाहिता का दिल पसीज गया और वह पहले पति के साथ जाने को तैयार हो गई। थानाध्यक्ष रज्जनलाल त्रिपाठी ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच थाने में पंचायत हुई है। इसमें विवाहिता पहले पति के साथ गोरखपुर चली गई।